Home » बिलासपुर » बिलासपुर: नशे की हालत में डैम में उतरा शिक्षा विभाग का क्लर्क, गहराई में डूबने से मौत; 3 घंटे बाद मिली लाश

बिलासपुर: नशे की हालत में डैम में उतरा शिक्षा विभाग का क्लर्क, गहराई में डूबने से मौत; 3 घंटे बाद मिली लाश

बिलासपुर। बिलासपुर जिले के कोटा स्थित कोरी डैम के वेस्ट वेयर में नशे की हालत में पानी में उतरते ही शिक्षा विभाग का क्लर्क गहराई में डूब गया। करीब 3 घंटे की तलाश के बाद उसका शव बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि वह दोस्तों के साथ तैरते-तैरते गहराई में चला गया, जिसके बाद बाहर नहीं निकल सका। गहरे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घटना कोटा थाना क्षेत्र की है। मंगला का रहने वाला दिग्विजय कुमार कौशिक (34) शिक्षा विभाग में क्लर्क था। उसकी पोस्टिंग कोटा ब्लॉक के ग्राम धौराभाठा के स्कूल में थी। उसने सोमवार को घरेलू काम के लिए छुट्टी ली थी। बताया जा रहा है कि घर का काम निपटाने के बाद उसने शराब पी। इसके बाद वह 3 दोस्तों के साथ दोपहर करीब साढ़े 12 बजे घूमने निकला था।

SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाश शुरू की।
SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाश शुरू की।

दोस्तों के साथ पहुंचा कोरी डैम

इस दौरान वह दोस्तों के साथ घूमने कोरी डैम पहुंचा। यहां दिग्विजय, नीतेश और एक अन्य दोस्त वेस्ट वेयर के पानी में नहाने उतरे, जबकि दो दोस्त बाइक पर बैठे रहे। तीनों पानी में तैरते हुए आगे बढ़े। नीतेश और उसका साथी आगे निकल गए। पीछे पलटकर देखा तो दिग्विजय पानी में नहीं दिखा।

गहरे पानी में समा गया क्लर्क

दोस्तों ने आसपास के लोगों की मदद से उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। 112 पर सूचना देने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। करीब 3 घंटे की तलाश के बाद एसडीआरएफ ने पानी की तह से दिग्विजय का शव बरामद किया।

करीब 3 घंटे की तलाश के बाद शव बाहर निकाला गया।
करीब 3 घंटे की तलाश के बाद शव बाहर निकाला गया।

तैरना जानता था, फिर भी 5 फीट पानी में डूब गया

दिग्विजय तैरना जानता था। चश्मदीद नीतेश कुमार सोंचे ने बताया कि वह दिग्विजय के साथ एक ही स्कूल में पदस्थ है। दिग्विजय ने सोमवार को उसे कॉल कर बुलाया था। इसके बाद वह तीन अन्य दोस्तों के साथ कोरी डैम पहुंचा।

दोपहर करीब साढ़े 12 बजे दिग्विजय, नीतेश और एक अन्य दोस्त पानी में नहाने उतरे, जबकि दो दोस्त ऊपर बाइक पर बैठे थे। नीतेश और उसका साथी वेस्ट वेयर के झरने के पास पहुंचे तो दिग्विजय दिखाई नहीं दिया।

बाहर बैठे दोस्तों से पूछने पर उन्होंने बताया कि दिग्विजय पानी में है। इसके बाद सभी ने उसकी तलाश शुरू कर दी।खास बात यह है कि दिग्विजय की हाइट करीब 5 फीट थी और जहां वह डूबा, वहां पानी की गहराई भी करीब 5 फीट ही बताई गई है।

फिलहाल, पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है और मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram