Home » बिलासपुर » बिलासपुर: निलंबित आरक्षक ने दोस्तों के साथ मिलकर अपने ही घर में की चोरी, मां के जेवर और कैश किए पार, 3 गिरफ्तार

बिलासपुर: निलंबित आरक्षक ने दोस्तों के साथ मिलकर अपने ही घर में की चोरी, मां के जेवर और कैश किए पार, 3 गिरफ्तार

बिलासपुर। निलंबित आरक्षक ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर घर से करीब 6 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नगदी चोरी कर ली. मां की शिकायत और शक के आधार पर पुलिस ने आरोपी बेटे से पूछताछ की, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ. सकरी थाना पुलिस ने आरोपी आरक्षक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया है.

मां के रीवा जाते ही घर में चोरी

मामला सकरी थाना क्षेत्र के सागरदीप कॉलोनी उसलापुर का है. यहां बिन्दावती मिश्रा अपने बेटे आशीष मिश्रा के साथ रहती हैं. बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले बिन्दावती मिश्रा किसी काम से रीवा गई थीं. इस दौरान घर पर उनका बेटा आशीष मिश्रा अकेला था. उनके वापस लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और अंदर रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और रुपए गायब थे.

चोरी की घटना के बाद बिन्दावती मिश्रा को अपने बेटे पर ही शक हुआ. मामले की सूचना पुलिस को दी गई. इसके बाद सकरी पुलिस ने संदेह के आधार पर आशीष मिश्रा से पूछताछ शुरू की.

दोस्तों को घर बुलाकर की चोरी

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आशीष मिश्रा ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था. आरोपियों ने घर से सोने-चांदी के जेवर और नगदी चोरी की थी. पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया.

पुलिस ने मामले में निलंबित आरक्षक आशीष मिश्रा के साथ उसके साथी सूरज सिंह ठाकुर उर्फ मोना और अनुराग चौधरी उर्फ लालू को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से करीब 6 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर और नगदी बरामद की गई है.

बुलेट भी जब्त

सकरी थाना पुलिस ने चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई बुलेट बाइक क्रमांक CG 10 AZ 5100 को भी जब्त किया है. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. पूछताछ में चोरी की वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जानकारी जुटाई जा रही है.

Facebook
X
WhatsApp
Telegram