बिलासपुर। जिले के सकरी थाना क्षेत्र के भरनी स्थित सीआरपीएफ कैंप में तैनात एक आरक्षक का शव शनिवार को पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटका मिला। आरक्षक शुक्रवार सुबह ड्यूटी खत्म होने के बाद से लापता था। उसका शव भरनी स्थित केंद्रीय विद्यालय के पास मिला।
मृतक आरक्षक की पहचान जयप्रकाश गहिर पिता जबा बनघु गहिर (33) के रूप में हुई है। वह ओडिशा के बलांगीर जिले के ग्राम खरबहाली का रहने वाला था। जयप्रकाश पिछले 15 वर्षों से भरनी स्थित सीआरपीएफ कैंप में तैनात था।
ड्यूटी के बाद कैंप से हो गया था लापता
सकरी टीआई उमेश साहू ने बताया कि जयप्रकाश शुक्रवार सुबह ड्यूटी खत्म होने के बाद कैंप से गायब हो गया था। वह अपने घर भी नहीं पहुंचा था। बताया जा रहा है कि घर में विवाद होने के बाद वह बाहर निकला था, जिसके बाद वापस नहीं लौटा।
केंद्रीय विद्यालय के पास पेड़ पर मिला शव
शनिवार को कुछ लोगों ने भरनी स्थित केंद्रीय विद्यालय के पास एक पेड़ पर जयप्रकाश का शव फांसी पर लटका देखा। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही सकरी पुलिस के साथ सीआरपीएफ के अधिकारी और जवान भी मौके पर पहुंचे।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि, आरक्षक ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




