नई दिल्ली। मणिपुर के रहने वाले संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह की रविवार रात कुछ लोगों के कथित हमले में लगी चोटों के कारण सोमवार को मौत हो गई. चोंगथम दिल्ली के आश्रम इलाक़े में रह रहे थे.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, अभियुक्तों की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि मामले में 7 वयस्कों और एक नाबालिग को गिरफ़्तार किया गया है.
पुलिस ने बताया कि सभी अभियुक्त अलग-अलग ढाबों और फूड स्टॉल पर काम करते हैं. पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है.
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मॉब लिंचिंग का मामला दर्ज किया है.
अंग्रेज़ी अख़बार द हिन्दू की रिपोर्ट के अनुसार, चोंगथम के बेटे याइफाबा ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि अस्पताल ले जाते समय उनके पिता ने उन्हें बताया था कि पास के एक ढाबे के लोगों ने उन पर हमला किया. शिकायत के मुताबिक़, इनमें से कुछ लोगों ने पहले भी ज़्यादा शोर करने की शिकायत करने के बाद सिंह को धमकी दी थी.
इंफाल के रहने वाले सिंह गिटारिस्ट और संगीतकार थे. वह रॉक बैंड्स का हिस्सा रह चुके थे, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से काम नहीं कर रहे थे. वह कई वर्षों से संगीत प्रस्तुत करते रहे थे और संगीत शिक्षक भी थे.
मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता एन. बीरेन सिंह ने कहा कि वह इस घटना से बहुत दुखी और बेहद चिंतित हैं.
मॉब लिंचिंग का मामला
एन. बीरेन सिंह ने कहा, “अब घटना के संबंध में सबूत सामने आ रहे हैं. मैं दिल्ली पुलिस से अपील करता हूँ कि वह तेज़ी से और उचित कार्रवाई करे, मामले की पूरी तरह जांच करे और जल्द से जल्द इंसाफ़ सुनिश्चित करे.”




