Home » राष्ट्रीय » राजीव गांधी की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई ताकि उनकी हत्या हो सके; सोनिया गांधी का बड़ा आरोप

राजीव गांधी की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई ताकि उनकी हत्या हो सके; सोनिया गांधी का बड़ा आरोप

नई दिल्ली। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मंगलवार को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की सुरक्षा हटाए जाने को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजीव गांधी की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी, ताकि उनकी हत्या हो सके। उन्होंने यह बात अपने बच्चों राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ बातचीत में कही। यह बातचीत उनकी किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ को लेकर हुई।

सोनिया गांधी ने एक्स पर वीडियो साझा किया। इसमें सोनिया गांधी ने बताया, मैंने ‘बिलॉन्गिंग’ अपनी यादों के आधार पर लिखी है। राहुल और प्रियंका ने इसमें अपनी यादें जोड़ीं। इससे इन कहानियों को एक नया जीवन मिला। मेरे बच्चे मेरी सबसे बड़ी खुशी और ताकत हैं। यही दो ऐसे लोग हैं, जो किसी और से ज्यादा मेरे धैर्य की परीक्षा लेते हैं।
राजीव गांधी के दौरों में क्या हुआ था?
सोनिया गांधी ने राजीव गांधी के उस दौरे को याद किया, जब वह लोकसभा में विपक्ष के नेता थे। उन्होंने बताया कि राजीव गांधी खुले जीप में सफर करते थे। इस दौरान उन पर पत्थर फेंके गए थे। कई जगह विरोध प्रदर्शन भी हुए थे।

उन्होंने कहा, ‘यह दौरा काफी खौफनाक था। मुझे विपक्षी दलों की सरकार वाले राज्यों में राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर चिंता थी। उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले लोग इस पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रहे थे। राहुल भी इन दौरों में अपने पिता के साथ थे। उन्होंने खुद पत्थरबाजी और विरोध प्रदर्शन देखे थे’।

राहुल ने मां से क्या कहा था?
सोनिया गांधी ने बताया कि एक दौरे से लौटने के बाद राहुल ने उनसे अपनी चिंता जाहिर की थी। उन्होंने कहा, ‘जब वह घर आया, तो उसने मुझसे कहा- मां, अगर हमने पापा की सुरक्षा को लेकर कुछ नहीं किया, तो मुझे मालूम है कि मैं बहुत जल्द उनके अंतिम संस्कार के लिए वापस आऊंगा’। सोनिया गांधी ने कहा कि बिहार का दौरा उनकी चिंता की आखिरी वजह बना। हालांकि, वह इससे पहले भी राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर चिंता जता चुकी थीं।

‘सुरक्षा हटाना कोई हादसा नहीं था’
सोनिया गांधी ने कहा, राजीव गांधी की सुरक्षा हटा दी गई थी, ताकि उनकी हत्या हो सके। उनकी सुरक्षा हटाना कोई हादसा नहीं था। यह जानबूझकर किया गया था, ताकि उनकी हत्या हो सके।

राहुल गांधी ने 2004 के फैसले को लेकर क्या कहा?
राहुल गांधी ने भी इस बातचीत का वीडियो एक्स पर साझा किया। उन्होंने कहा कि किताब में 500 से ज्यादा पन्ने होने के बावजूद उनकी मां ने कुछ बातें नहीं लिखी हैं।
उन्होंने लिखा, ‘प्रस्ताव योजना के मुताबिक नहीं हुआ। मेरा सातवां जन्मदिन भी योजना के मुताबिक नहीं हुआ। साल 2004 के फैसले से हममें से कुछ लोगों को राहत मिली, जबकि दूसरों को खुशी हुई। पापा की सुरक्षा हटाने के पीछे एक खास मकसद था। और 500 से ज्यादा पन्नों की किताब लिखने के बाद भी कुछ बातें ऐसी हैं, जिन्हें मां ने अपनी किताब में शामिल नहीं किया है’।

उन्होंने लिखा, ‘प्रियंका और मैं मां के साथ बैठकर इन सभी बातों पर चर्चा करने लगे। उन यादों में लौटने से खुशी और हंसी के पल फिर याद आ गए। साथ ही उस दर्द का भी एहसास हुआ, जिसे हमने उस समय महसूस किया था’। राहुल ने आगे लिखा, मां का ‘बिलॉन्गिंग’ का सफर बहुत गहरे प्यार और भयानक त्रासदियों से भरा रहा है। उन्होंने हर परिस्थिति का सामना गरिमा और साहस के साथ किया है।

भारत आने के बाद किस बात ने चौंकाया था?
इस बातचीत के दौरान सोनिया गांधी ने भारत में अपने शुरुआती दिनों को भी याद किया। उन्होंने बताया कि वह साल 1968 में इटली से भारत आई थीं। यहां आने के बाद उन्होंने जो गरीबी देखी, उसने उन्हें सबसे ज्यादा चौंकाया था।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram