नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं 2027 का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है. लाखों छात्र-छात्राओं का इंतजार अब खत्म हो गया है. बोर्ड के अनुसार दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी और सभी पेपर सुबह 10:30 बजे आयोजित किए जाएंगे. छात्र अपनी डेटशीट CBSE की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जाकर देख सकते हैं. वहां विषयवार परीक्षा तिथियों की पूरी जानकारी उपलब्ध है.
10वीं की परीक्षा 9 मार्च तक चलेगी
CBSE के कार्यक्रम के मुताबिक कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होकर 9 मार्च 2027 तक चलेंगी. इस बार 10वीं के विद्यार्थियों को 83 विषयों में परीक्षा देनी होगी. बोर्ड ने परीक्षा कार्यक्रम तैयार करते समय छात्रों और स्कूलों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने की बात कही है. सीनियर सेकेंडरी यानी कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं भी 16 फरवरी से शुरू होंगी. हालांकि 12वीं के पेपर 9 अप्रैल 2027 तक चलेंगे. इस बार 12वीं के विद्यार्थियों के लिए 121 विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी.
प्रैक्टिकल परीक्षाओं का भी शेड्यूल जारी
बोर्ड ने प्रैक्टिकल और प्रोजेक्ट असेसमेंट की तारीखों की भी जानकारी दी है. सामान्य स्कूलों के लिए प्रैक्टिकल परीक्षाएं 1 जनवरी 2027 से शुरू होंगी. वहीं बर्फीले और विशेष परिस्थितियों वाले विंटर-बाउंड स्कूलों के लिए प्रैक्टिकल और इंटरनल असेसमेंट 9 नवंबर से 19 दिसंबर 2026 के बीच आयोजित किए जाएंगे.
छात्रों के लिए अहम सलाह
बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों को सलाह दी गई है कि वे जल्द से जल्द अपनी विषयवार डेटशीट डाउनलोड कर लें और उसी के अनुसार पढ़ाई की रणनीति बनाएं. परीक्षा में अब कुछ ही महीने का समय बचा है, ऐसे में नियमित रिवीजन और मॉडल पेपर की प्रैक्टिस से बेहतर प्रदर्शन किया जा सकता है.





