Home » राष्ट्रीय » सोना ₹1.32 लाख से नीचे आया, आज ₹2,696 सस्ता; चांदी भी आज ₹4,665 रुपए घटकर ₹1.65 लाख पर आई

सोना ₹1.32 लाख से नीचे आया, आज ₹2,696 सस्ता; चांदी भी आज ₹4,665 रुपए घटकर ₹1.65 लाख पर आई

नई दिल्ली। सोने-चांदी के दाम में आज यानी 18 नवंबर को लगातार छठे दिन गिरावट जारी है। इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 10 ग्राम 24 कैरेट सोना आज 2,696 रुपए गिरकर 1.32 लाख रुपए आ गया है। वहीं, एक किलो चांदी 4,665 रुपए घटकर 1.65 लाख रुपए पर आ गई है।

सोना 11 महीने में सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है। इससे पहले इससे पहले सोना 19 दिसंबर 2025 को 1,31,779 था, जो 22 दिसंबर 1,33,970 हुआ था। इसके बाद दाम 1,31,779 से नीचे नहीं आया।

सोना-चांदी की कीमत में गिरावट अंतरराष्ट्रीय बाजार में डॉलर मजबूत होने और बड़े निवेशकों के ऊंचे दामों पर बिकवाली करने से हो रही है।

ऑल टाइम हाई से 2.15 लाख रुपए गिरी चांदी

इस साल सोने-चांदी की कीमत में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। चांदी की कीमत 31 दिसंबर 2025 को 2.30 लाख रुपए थी, जो 29 जनवरी को 3.80 लाख रुपए के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गई थी। तब से अब तक चांदी 2.15 लाख रुपए यानी करीब 125% सस्ती हो गई है।

वहीं, 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 1.33 लाख रुपए था, जो 29 जनवरी को बढ़कर 1.76 लाख रुपए के सबसे ऊपरी स्तर पर पहुंच गए थे। तब से अब तक सोना 44 हजार रुपए यानी करीब 32% सस्ता हो चुका है।

सोना सस्ता होने के 3 मुख्य कारण

  1. अमेरिकी डॉलर की मजबूती: जब डॉलर मजबूत होता है, तो दूसरे देशों के लिए सोना खरीदना महंगा हो जाता है और इसकी डिमांड घटने से भाव गिरते हैं।
  2. ब्याज दरों में बढ़ोतरी: अमेरिका में ब्याज दरें ज्यादा रहने पर निवेशक सोने के बजाय बॉन्ड और बैंक डिपॉजिट में पैसा लगाते हैं।
  3. मुनाफावसूली: जब सोने के दाम रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचते हैं, तो बड़े निवेशक मुनाफा कमाने के लिए सोना बेचना शुरू कर देते हैं।

चांदी सस्ता होने के 3 मुख्य कारण

  1. इंडस्ट्रियल डिमांड में कमी: चांदी का बड़ा इस्तेमाल इलेक्ट्रॉनिक्स, सोलर पैनल और फैक्ट्रियों में होता है; सुस्ती के कारण मांग घटने से भाव गिरते हैं।
  2. ग्लोबल मार्केट में सप्लाई बढ़ना: खदानों से उत्पादन बढ़ने या बाजार में चांदी की उपलब्धता ज्यादा होने पर कीमतों पर दबाव आता है।
  3. सोने की कीमतों का असर: अंतरराष्ट्रीय बाजार में अक्सर चांदी, सोने की चाल को फॉलो करती है; सोना गिरने पर चांदी में भी बिकवाली आती है।

क्या यह गिरावट लंबी चलेगी?

कमोडिटी एक्सपर्ट अजय केडिया मानते हैं कि सोने-चांदी की खरीदारी किश्तों में करें। कुछ अभी खरीद लें और कुछ-कुछ 15-20 दिन के अंतराल पर। निवेश के लिए एक-दो महीने के बजाय 6 महीने से लेकर एक साल तक का सोच कर खरीदारी करें।

ज्वेलर्स से सोना खरीदते समय इन 2 बातों का रखें ध्यान

  1. सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें: हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ इस तरह से हो सकता है- AZ4524। हॉलमार्किंग से पता चलता है कि सोना कितने कैरेट का है।
  2. कीमत क्रॉस चेक करें: सोने का सही वजन और खरीदने के दिन उसकी कीमत कई सोर्सेज (जैसे इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट) से क्रॉस चेक करें। सोने का भाव 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट के हिसाब से अलग-अलग होता है।
Facebook
X
WhatsApp
Telegram