नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी के आशुतोष रांका, सौरव दास और अजिंक्य शिंदे को दिल्ली की स्पेशल कोर्ट (SEM) ने 5 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
इन्हें मंगलवार सुबह जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया था। इसके बाद रात 3 बजे तीनों को एहतियातन गिरफ्तार किया गया।
आज सुबह तीनों की स्पेशल कोर्ट में पेशी हुई, जहां से उन्हें ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया गया। CJP की लीगल टीम की प्रमुख रत्ना सिंह ने X पर बताया कि तीनों पर बिना इजाजत जंतर-मंतर में घुसने, बॉन्ड की शर्तों का उल्लंघन करने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप हैं। उन्हें न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेजे जाने की संभावना है।
तीनों को 13 अक्टूबर को जंतर-मंतर में बिना अनुमति प्रवेश करने के आरोप में हिरासत में लिया गया था। वहां बैरिकेडिंग और सभी गेट बंद होने के बावजूद प्रदर्शनकारी गेट के ऊपर से चढ़कर पहुंचे थे। इससे पहले 10 अक्टूबर को भी उन्हें हिरासत में लिया गया था।


11 अक्टूबर: 50-50 हजार के मुचलके पर छूटे CJP नेता
CJP ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर और SIR के विरोध में 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन बुलाया था। CJP फाउंडर अभिजीत दीपके, प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली एयरपोर्ट पर फ्लाइट से ही पुलिस ने हिरासत में लिया था।
तीनों को 11 अक्टूबर को दिल्ली कैंट की विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया था। इसके बाद उन्हें 50-50 हजार रुपए के जमानती मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
रिहाई की शर्त के मुताबिक, तीनों को एक साल तक शांति बनाए रखनी थी, ऐसा कोई काम नहीं करना था, जिससे शांति भंग हो। इसके लिए बॉन्ड साइन करने की बात सामने आई थी।





