छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : दीपावली खत्म होते ही प्रदेश में अब बढ़ने लगी ठंड, कवर्धा में न्यूनतम तापमान प‍हुंचा 11.8 डिग्री

रायपुर । दीपावली का त्योहार खत्म होते ही प्रदेश में अब ठंड बढ़ने लगी है। गुरुवार को तो अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं रायपुर का न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस रहा,जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं के प्रभाव से अब ठंड में और बढ़ोतरी होगी। साथ ही आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आएगी।

कवर्धा में सर्वाधिक न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इन दिनों रात में आउटर क्षेत्रों में ठंड में और ज्यादा बढ़ोतरी हो गई है। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि उत्तर से शुष्क और ठंडी हवा प्रदेश में आ रही है। इसके चलते अब मौसम शुष्क रहेगा और आकाश साफ रहेगा। साथ ही प्रदेश में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आएगी।

सजने लगे गर्म कपड़ों का बाजार

ठंड की दस्तक शुरू होते ही पंडरी, मोतीबाग, संतोषीनगर, आमापारा सहित विभिन्न क्षेत्रों में गर्म कपड़ों का बाजार सजने लगा है। इसके साथ ही कपड़े संस्थानों में भी अब ऊलन कपड़ों का स्टाक आ रहा है। कुछ संस्थानों द्वारा तो ऊलन कपड़ों पर आफर भी शुरू कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष गर्म कपड़ों की कीमतों में 10 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है।