छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : कूरियर कंपनी के सुपरवाइजर ने रची लूट की झूठी कहानी, 1 लाख 70 हजार रुपए मौज-मस्ती में उड़ाया; फिर दर्ज कराई लूट की FIR, अब गिरफ्तार

जगदलपुर I छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में E-COM कूरियर कंपनी के सुपरवाइजर से करीब 1 लाख 70 हजार रुपए की लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। युवक ने थाने में 4 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करवाई थी।इधर, मामले की पड़ताल में पता चला कि युवक ने खुद के साथ लूट होने की झूठी कहानी बनाई और कंपनी के पैसों को अपने शौक पूरे करने में खर्च कर रहा था। अब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला जिले के परपा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, E-COM कूरियर कंपनी के सुपरवाइजर जोगा राम वेक (24) ने 30 अक्टूबर को परपा थाने में लूट की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। युवक ने पुलिस को बताया था कि, वो तोकापाल से करीब 1 लाख 70 हजार रुपए कंपनी के पैसों का कलेक्शन कर जगदलपुर आ रहा था। इसी बीच केशलूर के पास करीब शाम 6:30 को 2 बाइक में सवार 4 नकाबपोश लुटेरों ने उससे सारे पैसे लूट लिए। मामले की शिकायत के बाद पुलिस जांच में जुट गई।

CCTV खंगाले गए

पुलिस ने लूट वाली घटना स्थल पहुंचकर आस-पास के लोगों से पूछताछ की। जिसमें कोई सुराग नहीं मिला। फिर जवानों ने CCTV फुटेज खंगाला। जिसमें घटना स्थल पर उस तारीख कोई लूट की वारदात नहीं होती दिखी। फिर जवानों को युवक पर शक हुआ। जिसके बाद उसे ही हिरासत में लिया गया। सख्ती से उससे पूछताछ की गई। जिसमें उसने बताया की लूट की झूठी रिपोर्ट दर्ज करवाया है। उसके साथ ऐसी कोई घटना ही नहीं हुई है।

मौज-मस्ती में उड़ाए पैसे

पूछताछ में सुपरवाइजर ने पुलिस को बताया कि, कंपनी के पैसों को अपनी मौज-मस्ती और आवश्यकता पूरा करने के लिए खर्च कर रहा था। पुलिस ने युवक के पास से करीब 1 लाख 24 हजार रुपए बरामद भी कर लिए हैं। साथ ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। शुक्रवार को SP जितेंद्र सिंह मीणा ने मामले का खुलासा किया है। SP ने बताया कि, लूट की झूठी कहानी बनाई थी।