छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : उत्तर की ठंडी हवाओं ने गिराया पारा, तीन दिनों तक पड़ेगी कड़ाके की ठंड, लोग जलाने लगे अलाव

रायपुर। प्रदेश में उत्तर से आने वाली हवाओं के कारण ठंड बढ़ गई है। आगामी तीन दिनों तक कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है। विशेषकर सरगुजा क्षेत्र में सुबह से घना कोहरा छाया रहेगा। रायपुर में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। मौसम का मिजाज बदलने के कारण दोपहर में भी गर्म कपड़ों की जरूरत पड़ने लगी है। प्रदेश में अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दो से तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी। ठंड बढ़ जाने से अंदरूनी और पहाड़ी क्षेत्रों में अलाव जलने लगे हैं। गुरुवार को रायपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर, पेंड्रा रोड, जगदलपुर सहित विभिन्ना क्षेत्रों में कोहरा छाए रहा। ट्रेन यातायात पर भी कोहरे का असर दिखा। गुरुवार को दर्जनभर ट्रेनें घंटों विलंबित रहीं। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि हवा की दिशा बदलने के कारण अब उत्तर से ठंडी हवाएं आ रही हैं, जिससे ठिठुरन बढ़ रही है।

छह डिग्री गिरा पेंड्रा रोड का अधिकतम तापमान

प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में सुबह से ही छाए घने कोहरे की वजह से अधिकतम तापमान में गिरावट आई है जबकि न्यूनतम तापमान बढ़ा है। रायपुर का अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस नीचे है। इसी प्रकार पेंड्रा रोड का अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे है।

बुधवार को रायपुर सहित प्रदेश भर में घना कोहरा छाने के साथ ही हल्की बारिश भी हुई। इसके चलते रायपुर विमानतल से 21 उड़ानों की ही आवाजाही हो पाई। इनसे 6,072 लोगों ने यात्रा की। वहीं 12 उड़ानों को रद करना पड़ा था। गुरुवार को दृश्यता अच्छी होने की वजह से फ्लाइटों का आवागमन निर्बाध रूप से जारी रहा।