छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : सड़क हादसे में सहायक आरक्षक की मौत, कोंडागांव में दो बाइकों की हुई भिड़ंत, कनेरा मार्ग पर हुआ हादसा, 3 युवक घायल

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिला मुख्यालय में दो बाइकों की आमने-सामने से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार 4 लोग काफी दूर तक फेंका गए। इस हादसे में सहायक आरक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि,दूसरी बाइक पर सवार अन्य 3 लोगों को मामूली चोटें ही आईं हैं। बताया जा रहा है कि, जवान के शव का पोस्टमार्टम कर शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। मामला सिटी कोतवाली क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, हादसा सोमवार देर रात का है। ऐसा बताया जा रहा है कि, सहायक आरक्षक भारत टेकाम (40) अपने किसी काम से कनेरा की तरफ गया हुआ था। देर रात जब कोंडागांव पुलिस लाइन लौट रहा था तो उस दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी की दोनों बाइकों में सवार कुल 4 लोग काफी दूर फेंका गए।

इस हादसे में एक बाइक पर जो तीन युवक सवार थे उन्हें मामूली चोटें आईं हैं। जबकि, दूसरी बाइक पर सवार जवान भारत टेकाम के सिर पर गंभीर चोटें आने से उसकी मौत हो गई। इस मार्ग से गुजर रहे लोगों ने इस हादसे की जानकारी कोंडागांव पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे जवानों ने घायलों को और मृत जवान के शव को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल घायलों का इलाज चल रहा है। मृत जवान के शव का पोस्टमार्टम कर शव को परिजनों को सौंप दिया गया है।