छत्तीसगढ़

VIDEO: जब धोनी के लंबे बालों के दीवाने हो गए थे परवेज मुशर्रफ, मैच के बाद दी थी ये अजीबोगरीब सलाह

नई दिल्ली : पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ का 5 फरवरी को दुबई में निधन हो गया। वह क्रिकेट के बहुत बड़े दीवाने थे। इसके अलावा जब उन्होंने धोनी को देखा था तो वह पूर्व भारतीय क्रिकेटर की जुल्फों के कायल हो गए थे। उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी की तुफानी पारी देखकर कहा था कि उनके ऊपर लंबे बाल अच्छे लगते हैं और वो इन्हें कभी नहीं कटाएं।

मुशर्रफ साल 2001 से 2008 के बीच पाकिस्तान के राष्ट्रपति के पद पर थे। सेना और राजनीति के अलावा मुशर्रफ को क्रिकेट से काफी लगाव था। इतना ही नहीं, बल्कि परवेज पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) के लुक्स को काफी पसंद करते थे। उन्हीं के शासन काल में भारत ने दो बार पाकिस्तान का दौरा किया था।

दरअसल, मुशर्रफ को क्रिकेट देखने का काफी शौक था। उन्हें कई मौकों पर स्टेडियम में मैच देखते हुए देखा गया था। साल 2004 में जब भारत ने पाकिस्तान का दौरा किया था। उस वक्त परवेज मैच देखने के लिए स्टेडियम पहुंचे थे। साल 2005-06 में भी भारतीय टीम पाकिस्तान गई थी, तो उस बार महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) भी टीम का हिस्सा थे। धोनी पहली बार पाकिस्तान में मैच खेलने गए थे। धोनी ने अपने हेलीकॉप्टर शॉट से सभी को अपनी ओर आकर्षित कर लिया था, लेकिन धोनी के लुक्स ने परवेज का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।

पाकिस्तान दौरे पर गए महेंद्र सिंह धोनी ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से पाकिस्तानी गेंदबाजों की खूब पिटाई की थी। एक मैच में धोनी को जब अवॉर्ड दिया जा रहा था तो मुशर्रफ भी मौजूद थे। उस वक्त परवेज मुशर्रफ ने धोनी को एक खास सलाह दी थी। उन्होंने भारतीय टीम को जीत की बधाई देने के साथ ही कहा, “मैंने एक प्लेकार्ड देखा जिस पर लिखा था ”धोनी बाल कटवा लो”। अगर आप मेरी राय मान ले तो मेरी राय यह है ”आप बाल मत कटवाएं, आप पर यह काफी अच्छा लगता है”