छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : फर्जी नियुक्तियों पर CMHO निलंबित, स्वीकृत पदों से ज्यादा पर की थी भर्तियां, कर्मचारियों की सेवाएं भी समाप्त

बीजापुर : छत्तीसगढ़ के बीजापुर में सीएमएचओ रहे डॉ. सुनील भारती को निलंबित कर दिया गया है। आरोप है कि उन्होंने ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक और संयोजिका सहित 16 पदों पर अवैधानिक रूप से कर्मचारियों की नियुक्तियां की थीं। इसकी जांच के बाद जिला प्रशासन ने एक्शन लेते हुए पहले ही सभी 16 कर्मचारियों की सेवा समाप्त कर दी थी। इस मामले में जांच जारी थी, जिसके बाद सीएमएचओ पर कार्रवाई की गई है।

पूर्व सीएमएचओ सुनील भारती ने ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजिका, फार्मासिस्ट ग्रेड -02, लैब असिस्टेंट, वार्ड ब्याय, वार्ड आया सहित अलग-अलग पदों पर भर्तियां की थीं। इसके बाद इन भर्तियों पर सवाल उठने लगे थे। मामले की शिकायत बस्तर कमिश्नर और कलेक्टर से की गई। इस पर कलेक्टर राजेंद्र कुमार कटारा जांच टीम का गठन कर दिया। टीम ने जांच के बाद अपना प्रतिवेदन प्रशासन को सौंप दिया था। 

इसमें बताया गया कि, डॉ. सुनील भारती मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बीजापुर के द्वारा शासन की अनुमति की प्रत्याशा में कुल छह ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजिका के पदों और 10 अन्य पदों पर प्रतीक्षा सूची से जारी नियुक्ति आदेश विधिक सम्मत नहीं हैं। ऐसे पद भविष्य में सीधी भर्ती से भरे जाने योग्य थे। इस अवैधानिक कृत्य के लिए डॉ. सुनील भारती पूरी तरह से जवाबदेह हैं। डॉ. सुनील भारती को निलंबित किया गया हैं।