छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : होली पर मौसम ने बदला रंग, रायपुर में हुई जमकर वर्षा, दिन के तापमान में गिरावट की संभावना

रायपुर। द्रोणिका के प्रभाव से होली के दिन रायपुर सहित प्रदेश के अन्‍य इलाकों में मौसम का मिजाज बदल गया। रायपुर में देर रात मौसम ने करवट ली और कई इलाकों में जमकर वर्षा हुई। मौसम में परिवर्तन से दिन के तापमान में गिरावट की संभावना है।

आज हल्की वर्षा के आसार, तापमान में नहीं होगा विशेष बदलाव

मौसम विभाग ने पहले ही भविष्‍यवाणी की थी कि प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा के साथ ही गरज चमक के साथ छींटे पड़ सकते है। साथ ही वज्रपात होने व ओलावृष्टि संभावित है। विभाग का कहना है कि अधिकतम व न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि होली के बाद तपिश में बढ़ोतरी होगी। इस वर्ष मार्च में गर्मी का पिछले कई वर्षों का रिकार्ड भी टूट सकता है।

मंगलवार सुबह प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बादल छाए रहे। अधिकतम तापमान में थोड़ी कमी रही और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। रायपुर का न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गयासजो सामान्य है। प्रदेश में सर्वाधिक गर्म रायगढ़ रहा,एडब्ल्यूएस रायगढ़ में अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमानों में रायपुर के साथ बस्तर संभाग में भी उल्लेखनीय गिरावट रही।