छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : डोंगरगढ़ में युवक ने पूर्व प्रेमिका के सामने पहाड़ी से कूदकर दी जान

राजनांदगांव । डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी पहाड़ी पर युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका के सामने पहाड़ी से छलांग लगाकर जान दे दी। घटना सुबह 11 बजे की है। दुर्ग हरिनगर निवासी संतोष राव (23) अपने दो दोस्तों और अपनी पूर्व प्रेमिका के साथ शनिवार की रात डोंगरगढ़ आया था। रविवार की सुबह मंदिर में मां बम्लेश्वरी के दर्शन करने के बाद दोनों पहाड़ पर गए। इसी बीच संतोष ने अचानक पहाड़ी से छलांग लगा दी।

युवक द्वारा छलांग लगाए जाने के बाद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। आनन-फानन में लोगों ने संतोष को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पूर्व प्रेमिका भी पहाड़ी से छलांग लगाने का प्रयास कर रही थी जिसे आसपास मौजूद दर्शनार्थियों ने बचा लिया। मृतक पेशे से आयुर्वेद का वैद्य था। डोंगरगढ़ पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुट गई है। इधर, मृतक के स्वजन को भी मामले की जानकारी दे दी गई है।

शादी के बाद भी था संपर्क में:

मृतक की प्रेमिका की दो माह पहले बालोद में शादी हुई है। शादी के बाद भी मृतक अपनी प्रेमिका के साथ संपर्क में था। शनिवार को मृतक संतोष अपने दो दोस्तों के साथ अपनी प्रेमिका को लेकर दर्शन करने डोंगरगढ़ आया था। रात अधिक होने के कारण चारों डोंगरगढ़ में ही रुक गए।

रविवार को चारों दर्शन के लिए ऊपर पहाड़ी पर चढ़े। मां बम्लेश्वरी के दर्शन के बाद संतोष ने पहाड़ पर जाकर छलांग लगा दी। पहाड़ी से कूदने के कारण उसके सिर में गंभीर चोटें आई थी। जिसके चलते मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

युवक ने अचानक पहाड़ी से छलांग क्यों लगाई? अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक अपनी प्रेमिका के शादी के बाद से तनाव में रहता था। मृतक अपने दो दोस्तों व पूर्व प्रेमिका को लेकर दर्शन के लिए आया था। पुलिस ने बताया कि पूछताछ व बयान के बाद ही युवक ने आत्महत्या क्यों की इसका राज खुलेगा। बहरहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुट गई है।

मृतक अपनी पूर्व प्रेमिका व दो दोस्तों के साथ मां बम्लेश्वरी के दर्शन करने डोंगरगढ़ आया था। सुबह करीब 11 बजे पहाड़ से छलांग लगाकर जान दे दी। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुट गई है। जल्द ही उसके दोस्तों व पूर्व प्रेमिका से बयान लिया जाएगा। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।

-सुरेंद्र स्वर्णकार, थाना प्रभारी, डोंगरगढ़