छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : दो वर्ष पहले हुआ था प्रेम विवाह, आए दिन होता था विवाद, पति ने कैंची मारकर कर दी हत्या

रायपुर। दो वर्ष पूर्व प्रेम विवाह के बाद पति- पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता था। पति ने पत्नी की कैंची मारकर हत्या कर दी। विधानसभा थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने के तहत अपराध कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

विधानसभा पुलिस के अनुसार पल्लवी डहरिया का सीतापार सिमगा निवासी मोहरदास डहरिया से नौ जून 2021 को प्रेम विवाह हुआ था। शादी के बाद वह आमासिवनी में किराए के मकान में रह रहे थे। पांच मार्च 2023 को सड्डू शिवम सिटी के पास किराए से रहने लगे। 23 मार्च को दोपहर पल्लवी अकेले आमासिवनी में अपने मौसी पिंगला कुर्रे के यहां आई थी। जहां उसने बताया कि उसका पति मोहरदास बहुत मारपीट करता है। उसने अपनी मौसी से कहा कि एक बार मुझे उससे बचा लो। उसकी मौसी ने शाम को उसके दोनों भाई और मां को भी घटना के बारे में जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने उसे घर पर रख लिया था।

शुक्रवार को पल्लवी का पति मोहरदास सुबह लगभग 8.30 बजे आमासिवनी आया। सभी ने पूछा कि मारपीट क्यों करते हो। साथ में नहीं रखना तो मत रखो। यहीं छोड़ दो। तब मोहरदास ने कहा कि नहीं छोड़ेगा लेकर जाएगा। जब पिंगला के दोनों भाई काम पर चले गए तब मोहरदास दोपहर तकरीबन 12 बजे जबरन पल्लवी को कमरे से खींचकर ले गया। पल्लवी ने जाने से मना किया। मोहरदास ने कमरे के अंदर सिलाई मशीन के ऊपर रखी कैंची को उठाकर पल्लवी के सीने, गले और पीछे पीठ पर ताबड़तोड़ वारकर हत्या कर दी।