छत्तीसगढ़

विराट कोहली को होमग्राउंड पर नहीं मिली जीत, आरसीबी पर जीत से प्लेऑफ की दौड़ में बरकरार दिल्ली

नईदिल्ली : दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल के 50वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) को सात विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही दिल्ली ने आरसीबी से मिली पिछली हार का बदला ले लिया। आरसीबी ने 15 अप्रैल को दिल्ली को 23 रन से हराया था। इस मैच में मिली जीत से दिल्ली ने प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को कायम रखा है। उसे अभी चार मैच और खेलने हैं।

अंक तालिका में नौवें स्थान पर दिल्ली
दिल्ली की टीम अंक तालिका में 10वें से नौवें स्थान पर आ गई है। उसके 10 मैच में चार जीत और छह हार के बाद आठ अंक हैं। दूसरी ओर, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को पांचवीं हार का सामना करना पड़ा। 10 मैच में उसके 10 अंक हैं और वह पांचवें पायदान पर काबिज है।

आरसीबी ने जीता था टॉस
आरसीबी के कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। बैंगलोर ने 20 ओवर में चार विकेट पर 181 रन बनाए। दिल्ली ने 16.4 ओवर में तीन विकेट पर 187 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया। विराट कोहली लंबे समय बाद अपने घरेलू मैदान पर उतरे, लेकिन उन्हें जीत नहीं मिली। दिल्ली के रहने वाले कोहली अरुण जेटली स्टेडियम में ही खेल-खेल बड़े हुए हैं।

साल्ट ने की तूफानी बल्लेबाजी
दिल्ली के इस मैच में फिलिप साल्ट ने मैच जिताऊ पारी खेली। उन्होंने 45 गेंद पर 87 रन की पारी खेली। इस दौरान आठ चौके और छह छक्के लगाए। रिले रूसो ने 22 गेंद पर नाबाद 35 रन बनाए। मिचेल मार्श ने 26 और डेविड वॉर्नर ने 22 रन का योगदान दिया। अक्षर पटेल ने नाबाद आठ रन बनाए। जोश हेजलवुड, महिपाल लोमरोर, हर्षल पेटल को एक-एक सफलता मिली।

कोहली और महिपाल ने जड़ा अर्धशतक
आरसीबी की पारी की बात करें तो उसके लिए सबसे ज्यादा विराट कोहली ने 55 रन बनाए। उनके अलावा महिपाल लोमरोर ने भी अर्धशतक लगाया। महिपाल ने 29 गेंद पर नाबाद 54 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके और तीन छक्के लगाए। महिपाल का स्ट्राइक रेट 186.21 का रहा।

मिचेल मार्श ने लिए दो विकेट
कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने 32 गेंद पर 45 रन बनाए। दिनेश कार्तिक ने 11 और अनुज रावत ने नाबाद आठ रन बनाए। ग्लेन मैक्सवेल खाता नहीं खोल पाए। दिल्ली के लिए मिचेल मार्श ने दो विकेट लिए। खलील अहमद और मुकेश कुमार को एक-एक सफलता मिली।

चेन्नई से दिल्ली का अगला मुकाबला
दिल्ली को अपना अगला मुकाबला चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ 10 मई को चेन्नई के चेपक स्टेडियम में खेलना है। दूसरी ओर, आरसीबी की टीम नौ मई को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ उतरेगी।