छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : महादेव एप में सट्टा खिलाने वालों पर पुलिस की कार्रवाई, दो गिरफ्तार, 83 लाख के लेनदेन का हुआ खुलासा

कांकेर। आईपीएल सट्टा पर कांकेर पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है। आज पुलिस ने फिर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिनसे 83 लाख रुपए के सट्टे के अवैध कारोबार का खुलासा हुआ है। खाईवाल सटोरियों के दो खातों को होल्ड भी किया गया है।

एडिशनल एसपी अविनाश ठाकुर ने बताया कि महादेव एप पर ऑनलाइन सट्टा खेलते हुए दो आरोपी ओंकार नेताम, अंकुश सठवाने को गिरफ्तार किया गया है। एक दिन पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। जिनके पास से दो करोड़ से अधिक आईपीएल सट्टे के कारोबार का खुलासा हुआ था। आरोपियों से पूछताछ में जानकारी मिली थी कि दोनों आरोपी आईपीएल सट्टा खिला रहे हैं। दोनों आरोपियों को माकड़ी चौक से गिरफ्तार किया गया है।

आरोपियों के पास से जब्त मोबाइल में ऑनलाइन आईपीएल मोबाइल सट्टा, आईडी ,महादेव बुक के माध्यम से खेलना खिलाना हार जीत का दाव लगाना पाया गया है। बड़े खाईवाल के संबंध में जानकारी भी प्राप्त हुई है। गिरफ्तार आरोपियों द्वारा खाईवाल हर्षदा शुभम के अकाउंट में पैसे भेज कर आईडी जनरेट कराना पाया गया। खाईवाल हर्षदा शुभम निवासी नागपुर के खाता में आईपीएल सीजन के दौरान अब तक 83 लाख से ज्यादा रूपया का लेनदेन होना पाया गया है। खाते में वर्तमान में 96 हजार रुपया शेष होना पाया गया है। खाते में शेष रकम 96 हजार को होल्ड कराया गया है।गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल की जांच में अन्य खाईवाल रोहित आनंद निवासी एर्नाकुलम के संबंध में भी जानकारी प्राप्त हुई है। जिसके फेडरल बैंक खाता की जानकारी प्राप्त करने हेतु पत्राचार किया गया है।