छत्तीसगढ़

बिलासपुर : नदी में डूबने से दो बच्चों की मौत, 6 साल के बच्चे को बचाने कूद गई 13 साल की लड़की, गहराई में समा गए दोनों

बिलासपुर। बिलासपुर जिले में शनिवार को अरपा नदी में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। बच्चे अपने अपने मामा के साथ नहाने के लिए गए थे। इस दौरान उनके मामा उन्हें नदी किनारे बैठाकर कुछ दूर चला गया था। तभी एक बच्चा नदी में उतर गया और डूबने लगा, जिसे बचाने के लिए 13 साल की लड़की नदी में उतरी और दोनों गहराई में समा गए। घटना कोटा थाना क्षेत्र की है।

ग्राम लारीपारा निवासी लव कुमार साहू (21) शनिवार को नहाने के लिए अरपा नदी जा रहा था। इस दौरान उसके साथ उसका छह वर्षीय भांजा देवेंद्र साहू और उसका बड़ा भाई लक्ष्य साहू के साथ ही बुआ की बेटी पूनम साहू (13) भी नहाने के लिए साथ चले गए। तीनों बच्चों को लव साहू नदी किनारे बैठाकर शौच करने के लिए कुछ दूर चला गया। तभी देवेंद्र नदी के किनारे पानी में उतरने लगा और गहराई में चला गया। उसे डूबते हुए देखकर पूनम बचाने के लिए दौड़ी। वह नदी में उतरी तो गहराई ज्यादा थी, जिसके चलते दोनों डूब गए।

छुट्‌टी मनाने मामा गांव आए थे बच्चे
पुलिस के अनुसार तखतपुर क्षेत्र के ग्राम समडील निवासी देवेंद्र साहू का कोटा के लारीपारा में ससुराल है। स्कूलों में गर्मी की छुट्‌टी होने की वजह से उनके दो बेटे देवेंद्र साहू और लक्ष्य साहू मामा गांव आए थे। वहीं, ग्राम बरद्वार निवासी पूनम साहू भी छुट्‌टी में मामा गांव गई थी।

पल भर में हो गया हादसा
लवकुमार जब लौटा तो दो बच्चे देवेंद्र और पूनम नहीं थे। वहीं, लक्ष्य नदी किनारे बैठा था। पूछताछ करने पर उसने बताया कि दोनों नदी में डूब गए हैं। इससे घबराए लवकुमार ने उनकी तलाश की। लेकिन, दोनों बच्चों का पता नहीं चला।

घंटों मशक्कत के बाद मिली लाश
लवकुमार ने इस घटना की जानकारी आसपास के लोगों को दी। तब नदी में उनकी खोजबीन की गई। नदी में काफी देर तक तलाश करने के बाद दोनों बच्चों के शव को बरामद कर बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस को इस घटना की जानकारी दी गई। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।

बचाने के चक्कर में चली गई बच्ची की जान
9 साल के लक्ष्य ने परिजनों को बताया कि देवेंद्र पहले नदी में उतरने लगा और अचानक गहराई में चला गया, उसे डूबता देखकर 12 साल की बच्ची पूनम साहू उसे बचाने के लिए नदी के पास पहुंची। लेकिन, गहराई ज्यादा होने के कारण वह भी डूब गई। देखते ही देखते दोनों गहराई में समा गए। जब तक उनका मामा लवकुमार वहां पहुंचा, तब तक काफी देर हो गई थी।