छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : सुरक्षाबलों के कैंप पर नक्सलियों ने किया हमला, पहले दागे देसी लॉन्चर, फिर की ताबड़तोड़ फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में भाग निकले; कोई हताहत नहीं

बीजापुर : छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने सुरक्षा बलों के कैंप को अपना निशाना बनाया है। शुक्रवार की शाम नक्सलियों ने कैंप पर देसी लॉन्चर दागे। फिर ताबड़तोड़ गोलीबारी की। हालांकि, जवानों ने भी मोर्चा संभाला और नक्सलियों को जवाब दिया। जवाबी कार्रवाई में नक्सली भाग निकले हैं। फिलहाल कोई हताहत नहीं हुई है। मामला जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, नक्सलगढ़ में स्थित हिरोली के कैंप पर नक्सलियों ने हमला किया है। बताया जा रहा है कि, भारी संख्या में नक्सली कैंप के नजदीक पहुंच गए थे। फिर कैंप पर देसी लॉन्चर डाला। इस समय कैंप के सारे जवान भी कैंप के अंदर ही थे। अचानक हुए इस हमले के बाद जवानों ने भी मोर्चा संभाल लिया। जिसके बाद नक्सलियों की गोलियों का मुंहतोड़ जवाब दिया गया।

बताया जा रहा है कि, करीब 10 से 15 मिनट तक दोनों तरफ से गोलीबारी हुई। जिसके बाद नक्सली भाग निकले। हालांकि, इस फायरिंग के बाद जवानों की टीम मौके की सर्चिंग के लिए निकली हुई है। सर्च अभियान चलाया जा रहा है। मामले की पुष्टि SP आंजनेय वार्ष्णेय ने की है।