छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, पुलिस का दावा- एनकाउंटर में 4 नक्सली मारे गए, सर्च ऑपरेशन जारी

बीजापुर : छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ 4 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। फिलहाल सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मामला गंगालूर थाना क्षेत्र का है। इसके पहले कांकेर जिले के कोयलीबेडा इलाके में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस ने तीन नक्सलियों को मार गिराया था। सुरक्षाबलों ने 3 नक्सलियों के शव को बरामद भी कर लिया था। नक्सलियों के जमावड़े की सूचना पर पुलिस फोर्स सर्चिंग पर निकली थी। इसी बीच नक्सलियों से मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में पुलिस की टीम पूरी तरह सुरक्षित रही। एसपी कल्याण एलेसेला ने इसकी पुष्टि की थी।

इसके पहले छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में एक नक्सली को मार गिराया था। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के भेज्जी थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक नक्सली को मार गिराया।

उन्होंने बताया कि भेज्जी थाना क्षेत्र में नक्सली गतिविधि की सूचना पर डीआरजी के जवानों को गश्त पर रवाना किया गया था। सुरक्षाबल के जवान जब बुर्कलंका गांव के करीब पहुंचे तब नक्सलियों ने जवानों पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की।