छत्तीसगढ़

आईपीएल 2024: हार्दिक पंड्या मुंबई का कप्तान बनते ही पूजा-पाठ में जुटे, फैंस को आई रोहित की याद, देखें वीडियो

नईदिल्ली : भारतीय टीम के ऑलराउंडर खिलाड़ी हार्दिक पंड्या इस सीजन आईपीएल में मुंबई इंडियंस की तरफ से कप्तानी करते हुए नजर आएंगे। पिछले सीजन तक गुजरात टाइटंस की कमान संभालने वाले हार्दिक पंड्या को मुंबई की टीम ने अपना नया कप्तान घोषित किया है।

लंबे समय तक मुंबई इंडियंस के लिए खेलने वाले हार्दिक पंड्या एक बार फिर से अपनी पुरानी फ्रेंचाइजी से जुड़ चुके हैं। पिछले दो सीजन से हार्दिक पंड्या गुजरात टाइटंस का हिस्सा थे। लेकिन एक बार फिर मुंबई इंडियंस ने ट्रेड करके हार्दिक पंड्या को अपने साथ जोड़ लिया है। हार्दिक पंड्या मुंबई इंडियंस से जुड़ते ही एक बड़ा काम किया है।

मुंबई इंडियंस की ड्रेसिंग रूम में पहुंचते ही हार्दिक पंड्या ने सबसे पहले भगवान की पूजा की। सोशल मीडिया पर हार्दिक पंड्या का यह वीडियो तेजी से वायरल हो हो रहा है। इस वीडियो में हार्दिक पंड्या ड्रेसिंग रूम में आते ही सबसे पहले भगवान की पूजा करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान उन्होंने भगवान की तस्वीर पर माला पहनाया और नीचे दीपक भी जलाया।

हार्दिक पंड्या के बाद मुंबई इंडियंस के कोच मार्क बाउचर को भी जमीन पर नारियल फोड़ते हुए देखा गया। इसके बाद हार्दिक पंड्या भगवान को प्रसाद चढ़ाते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने एक मिठाई का डब्बा भगवान की तस्वीर के सामने रखा। हार्दिक पंड्या को मुंबई की ड्रेसिंग रूम में देखकर फैंस को मुंबई के पुराने कप्तान रोहित शर्मा की याद आ गई। सोशल मीडिया पर रोहित शर्मा को लेकर फैंस लगातार कमेंट्स कर रहे हैं।

गुजरात से होगा पहला मैच

बता दें कि रोहित शर्मा ने अपनी कप्तानी में मुंबई को पांच बार चैंपियन बनाने का कारनामा किया हुआ है। मुंबई इंडियंस रोहित शर्मा की कप्तानी में पांच आईपीएल ट्रॉफी पर कब्जा जमा चुकी है। ऐसे अब हार्दिक पंड्या की कोशिश मुंबई को इस सीजन छठी बार खिताब दिलाने की होगी। मुंबई को अपना पहला मुकाबला 24 मार्च को गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेलना है। अपनी पुरानी टीम के खिलाफ हार्दिक पंड्या की कोशिश जीत दर्ज करने की होगी।