छत्तीसगढ़

आईपीएल 2024 के लिए नई जर्सी हुई लॉन्च, हार्दिक पांड्या की कप्तानी में नए अवतार में नजर आएगी मुंबई इंडियंस

नई दिल्ली। आईपीएल 2024 का आगाज होने में अब महज कुछ दिनों का समय बचा है। 22 मार्च से क्रिकेट का त्योहार कहे जाने वाले टूर्नामेंट की शुरुआत होगी। पहले मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से भिड़ना है। पांच बार की चैंपियन मुंबई अपने अभियान का आगाज गुजरात टाइटंस के खिलाफ करेगी। इस बीच, मुंबई ने आगामी सीजन के लिए अपनी नई जर्सी को लॉन्च कर दिया है।

आईपीएल 2024 के लिए मुंबई इंडियंस ने अपनी नई जर्सी को लॉन्च कर दिया है। टीम ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है। वीडियो में रोहित शर्मा नई जर्सी को पहने सबसे पहले नजर आ रहे हैं। रोहित खुद भी नए लुक में दिखाई दे रहे हैं, जो उन पर सूट भी कर रहा है। रोहित के बाद वीडियो में ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, कप्तान हार्दिक पांड्या समेत बाकी खिलाड़ी नई जर्सी में दिखाई दे रहे हैं।

मुंबई इंडियंस की कमान आईपीएल 2024 में हार्दिक पांड्या संभालते हुए नजर आएंगे। मिनी ऑक्शन से ठीक पहले मुंबई टीम ने बड़ा एलान करते हुए हार्दिक को इस सीजन के लिए टीम का कप्तान नियुक्त किया है। साल 2013 से लेकर 2023 तक टीम की कैप्टेंसी करने वाले रोहित शर्मा इस बार बतौर बल्लेबाज खेलते हुए दिखाई देंगे।

मुंबई इंडियंस टूर्नामेंट में अपने अभियान का आगाज गुजरात टाइटंस के खिलाफ करेगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकबाला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में 24 मार्च को खेला जाएगा। गुजरात के बाद मुंबई की अगली भिड़ंत 27 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद के साथ होगी। इस मैच की मेजबानी हैदराबाद का राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम करेगा।