Home » विदेश » 240 यात्रियों को ले जा रहा जहाज जावा सागर में लापता, सर्च ऑपरेशन शुरू

240 यात्रियों को ले जा रहा जहाज जावा सागर में लापता, सर्च ऑपरेशन शुरू

जकार्ता। इंडोनेशिया में रविवार को 240 यात्रियों को ले जा रहा जहाज जावा सागर में लापता हो गया। अधिकारियों के अनुसार, यह जहाज पूर्वी जावा से बोर्नियो द्वीप पर स्थित दक्षिण कालीमंतन की ओर जा रहा था, तभी इसका संपर्क टूट गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय बचाव दलों ने समुद्र में बड़े पैमाने पर तलाशी एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया है।

दक्षिण कालीमंतन प्रांत की राजधानी बंजारमासिन स्थित सर्च एंड रेस्क्यू कार्यालय ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि वर्गो ट्रांसपोर्ट 8 नाम के पोत में तकनीकी खराबी के चलते संचार व्यवस्था ठप हो गई है।

यह जहाज इंडोनेशिया के दूसरे सबसे बड़े शहर सुरबाया से बंजारमासिन जा रहा था। पोत के ऑपरेटर ने अधिकारियों को बताया कि समुद्र में अचानक मौसम खराब होने के बाद जहाज से संपर्क कट गया था।

तट से 148 किलोमीटर दूर थी आखिरी लोकेशन

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जहाज की अंतिम लोकेशन जावा सागर में दर्ज की गई थी, जो बंजारमासिन के तट से लगभग 148 किलोमीटर दूर है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल किसी के हताहत होने की कोई तात्कालिक सूचना नहीं मिली है और प्राथमिकता जहाज तक जल्द से जल्द पहुंचने की है।

बंजारमासिन बचाव एजेंसी के ऑपरेशंस चीफ अरियांतो अर्दी ने जहाज से संपर्क टूटने की पुष्टि करते हुए कहा कि बचाव कर्मियों और जहाजों को फौरन उस समुद्री क्षेत्र में भेज दिया गया है ।

अर्दी ने बताया कि हमने स्थिति पर नजर रखने और तलाशी अभियान के संचालन के लिए त्रिशक्ति में एक ऑपरेशंस पोस्ट स्थापित किया है। राहत एवं बचाव दल समुद्र में लापता पोत का पता लगाने के प्रयास में जुटे हैं।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram