छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : युवक की हत्या में 6 गिरफ्तार, चोरी के आरोपी ने दूसरे गुट की जानकारी दी तो मार दिए चाकू

भिलाई I भिलाई के हैवी इंडस्ट्रियल एरिया हखथोज में शनिवार तड़के हुई 23 वर्षीय युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अभी भी वारदात में शामिल दो आरोपी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। मामला खुर्सीपार थाना क्षेत्र का है।

दुर्ग एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने बताया कि शनिवार सुबह मांझी चौक खुर्सीपार निवासी अशोक रजक उर्फ सोनी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। उसका शव इंडस्ट्रियल एरिया हखथोज के इंजीनयरिंग पार्क के पास पड़ा हुआ था। पुलिस की पूछताछ में पता चला कि सोनी ने दूसरे पक्ष के बारे में पुलिस को सूचना दी थी। इसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था।

वारदात के कुछ घंटे बाद ही आरोपी गिरफ्तार
खुर्सीपार पुलिस ने हत्या के इस वारदात में कुछ घंटे के अंदर ही 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में दत्ता पावले उर्फ अरबाज सिद्धीकी, हरिशंकर यादव उर्फ जुगनु, हैप्पी उर्फ मंजीत सिंह, आकश कौशिक, लक्ष्मी नारायण बाघ उर्फ राजेन्द्र सिंह व अन्य शामिल है। इस मामले में अभी भी दो आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस बुलाने के नाम पर हुआ था विवाद
छावनी सीएसपी कौशलेन्द्र देव पटेल ने बताया कि मृतक और आरोपी दो अलग-अलग चोर गुट से थे। शनिवार सुबह 4 बजे के बीच इंडस्ट्रीयल पार्क के पास एक गुट के लोग बैठकर चोरी का प्लान बना रहे थे। अशोक ने डायल 112 को फोन कर इसकी सूचना दे दी थी। पुलिस के पहुंचते ही सभी आरोपी भाग गए। इसके बाद 6 बजे दोनों गुट के लोग फिर वहीं जमा हुए और आपस में मारपीट करने लगे। इस दौरान एक आरोपी ने चाकू निकाल कर अशोक के पेट में घुसा दिया। इससे अशोक वहीं ढेर हो गया।