छत्तीसगढ़

गहलोत दिल्ली पहुंचे, आज सोनिया गांधी से मिलेंगे, कहा- घर की बातें हम सुलझा लेंगे

नईदिल्ली I राजस्थान में नए मुख्यमंत्री को लेकर सियासी बवाल मचा हुआ है। अशोक गहलोत गुट के नेताओं से सोनिया गांधी खासी नाराज हैं। गहलोत गुट के तीन नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

गहलोत समर्थक धर्मेंद्र राठौड़ के बयान पर पायलट गुट के विधायक वीपी सोलंकी ने हमला बोला है। सोलंकी ने कहा, वह एक दलाल हैं, हम हाईकमान के साथ हैं। कांग्रेस के साथ हैं और हमेंशा रहेंगे। 2023 में कांग्रेस को फिर से सत्ता में लाएंगे और 2024 में राहुल गांधी को पीएम बनाएंगे।

सियासी संकट के बीच राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत दिल्ली पहुंच गए हैं। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए गहलोत ने कहा, हम कांग्रेस अध्यक्ष के अधीन काम करते हैं। आने वाले समय में उनके अनुसार निर्णय लिया जाएगा। अनुशासन हमारी पार्टी की परंपरा है। 50 साल से पार्टी अध्यक्ष के अधीन रहकर हम काम करते आ रहे हैं। हमेशा कांग्रेस पार्टी में अनुशासन रहा है। आज भी देश में अगर कोई नेशनल पार्टी है तो वह कांग्रेस ही है। सब ठीक है, यह घर की बातें हैं हम सुलझा लेंगे। आंतरिक राजनीति में यह चलता रहता है। आज गुरुवार को कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्षा सोनिया गांधी से मिलूंगा उसके बाद बात करूंगा।  मीडिया को देश के मुद्दों को समझना चाहिए। लेखकों और पत्रकारों को देशद्रोही बताकर जेल में डाला जा रहा है। हमें उनकी चिंता है, राहुल गांधी उनके लिए यात्रा पर हैं।

सीएम अशोक गहलोत के दिल्ली जाने के समय में लगातार बदलाव हो रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार गहलोत अब रात आठ बजे के बाद दिल्ली के लिए रवाना हो सकते हैं। इससे पहले वह दोपहर साढ़े तीन बजे दिल्ली जाने वाले थे, लेकिन नहीं गए। कहा गया कि वह शाम पांच बजे दिल्ली जाएंगे। अब कहा जा रहा है कि वह आठ बजे के बाद दिल्ली जाएंगे और कल सोनिया गांधी से मिलेंगे। सूत्रों के अनुसार अब तक सोनिया गांधी ने गहलोत को मिलने का समय नहीं दिया है।

छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार के मंत्री टीएस सिंह देव ने गहलोत गुट के विधायकों के विरोध को गलत बताया। उन्होंने आश्चर्य जताते हुए कहा कि अशोक गहलोत जैसा वरिष्ठ नेता विधायकों को कैसे नियंत्रित नहीं कर पाया और इस तरह के हालात बने। सिंह देव ने कहा, जिस तरह से राजस्थान में कुछ मंत्रियों और विधायकों ने अनुशासन की सीमा को पार किया वह अनुचित था। सिंह देव ने रायपुर में मीडिया से बात करते हुए यह बातें कहीं।

कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने केरल में कहा कि राजस्थान में ड्रामा नहीं है, एक-दो दिन में सब साफ हो जाएगा। मीडिया इसे नाटक के रूप में देख सकता है। कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव को हम बहुत लोकतांत्रिक तरीके से कर रहे हैं। यह दो दिनों में आसानी से समाप्त हो जाएगा।

डोटसरा और धारीवाल सीएम से मिलने पहुंचे

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और शांति धारीवाल मुख्यमंत्री से मिलने उनके आवास पर पहुंचे। अशोक गहलोत आज दिल्ली जाने वाले हैं। ऐसे में डोटासरा और धारीवाल का उनके घर पहुंचना चर्चा का विषय बन गया है।