छत्तीसगढ़

फिर बदलने जा रहा है मौसम, 18 राज्यों में आज येलो अलर्ट

नई दिल्ली I देश के कई राज्यों से मानसून की विदाई हो चुकी है, जिससे बारिश की गतिविधियां भी कम हो गईं। अब एक बार फिर से कुछ राज्यों में मौसम बदलने जा रहा है और जमकर बारिश का अनुमान जताया गया है।

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी करके बताया है कि हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड के कई इलाकों में दो से तीन दिनों तक बारिश की संभावना है। वहीं IMD ने आज यानी 3 अक्टूबर 2022 को बिहार, झारखंड सहित देश के 18 राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में कुछ जगह हल्की से मध्यम बारिश होगी तथा कुछ राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

बिहार, झारखंड सहित 18 राज्यों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, आज यानी 3 अक्टूबर को बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, सिक्किम, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्से, तमिलनाडु, केरल, गोवा व महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। वहीं कुछ राज्यों में आज तेज हवा के साथ भारी बारिश की चेतावनी है। मौसम विभाग ने इन राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया है।

6 अक्टूबर तक इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग की माने तो छह अक्टूबर के बाद दो से तीन दिनों तक हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में मध्यम से तेज बारिश होगी। इसके अलावा, उत्तर पूर्व भारत अगले तीन से चार दिनों तक तेज बारिश के आसार हैं। IMD ने बताया है कि ओडिशा में दो से छह अक्टूबर, गंगीय पश्चिम बंगाल में दो से चार अक्टूबर, झारखंड में तीन से चार अक्टूबर, बिहार में चार और पांच अक्टूबर, नॉर्थईस्ट मध्य प्रदेश में पांच और छह अक्टूबर, नॉर्थवेस्ट मध्य प्रदेश में छह अक्टूबर और छत्तीसगढ़ में चार और पांच अक्टूबर को गरज के साथ मध्यम से तेज बारिश हो सकती है।

दक्षिण के राज्यों की बात करें तो तटीय आंध्र प्रदेश के इलाकों, यनम में दो, चार और पांच अक्टूबर को भारी बारिश के आसार हैं। दक्षिणी कर्नाटक के हिस्सों में दो अक्टूबर और तेलंगाना में पांच व छह अक्टूबर को तेज बरसात हो सकती है। अन्य राज्यों की बात करें तो मिजोरम, मणिपुर, नगालैंड और त्रिपुरा में दो से चार अक्टूबर के बीच गरज के साथ बरसात हो सकती है। असम, मेघालय में भी बारिश होने की उम्मीद है।

यूपी-उत्तराखंड में कैसा रहेगा मौसम

उत्तर भारत के राज्यों में इस बार मानसून बहुत अच्छा नहीं रहा। हालांकि, आखिरी के कुछ दिनों में यूपी, दिल्ली समेत कई राज्यों में भारी बारिश देखने को मिली। अब एक बार फिर से बरसात का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इलाकों में छह और सात अक्टूबर, पूर्वी उत्तर प्रदेश में पांच से सात अक्टूबर के बीच मध्यम से तेज बरसात होने की संभावना है। इसके अलावा, उत्तराखंड में छह और सात अक्टूबर को बहुत भारी बारिश होगी।

दिल्‍ली-एनसीआर में इस हफ्ते मौसम कैसा रहेगा?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 4 अक्टूबर को शाम के समय एक दो स्थानों पर बूंदाबांदी की संभावना है। इसके बाद 5 अक्टूबर से बारिश कुछ बढ़ेगी। शाम के समय हल्की बारिश होगी। बहुत तेज बारिश की संभावना नहीं है। 6 अक्टूबर को हल्की और 7 अक्टूबर को मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसकी वजह से तापमान में भारी गिरावट होगी। यह 29 से 30 डिग्री पर पहुंच जाएगे। 8 अक्टूबर को भी मध्यम बारिश की संभावना है।