छत्तीसगढ़

आनंद महिंद्रा ने 100 साल के मेजर का वीडियो किया शेयर, बोले- यह देखकर मेरे रोंगटे खड़े हो गए

नई दिल्ली। देश के जाने-माने बिजनेसमैन आनंद महिंद्रा हमेशा ट्विटर पर एक्टिव रहते हैं। वे हर बार कुछ ऐसा ट्वीट कर देते हैं जो सुर्खियां बन जाती है। लोग उनकी पोस्ट को कई बार शेयर करते हैं। आनंद हमेशा कुछ अलग और प्रोत्साहित करने वाला पोस्ट या वीडियो साझा करते हैं। बहुत से लोग आनंद महिंद्रा को अपना रोल मॉडल मानते हैं। इस बीच आनंद महिंद्रा ने एकबार फिर कुछ ऐसी चीज शेयर की है जो लोगों को काफी पसंद आया और उनके दिल को छू रहा है। यह वीडियो राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के पूर्व ड्रिल प्रशिक्षक सब मेजर स्वामी का है।

मोटिवेशन का स्त्रोत बताया

आनंद महिंद्रा द्वारा शेयर किए गए इस वीडियो में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के पूर्व ड्रिल प्रशिक्षक सब मेजर स्वामी हैं, जिन्हें उनके 100वें जन्मदिन पर सम्मानित किया गया। महिंद्रा ने इस वीडियो को अपना मोटिवेशन का स्त्रोत बताया। बता दें कि ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और सैंकड़ों लोग इसे देख चुके हैं।

वीडियो को बताया रोंगटे खड़े कर देने वाला 

महिंद्रा ने वीडियो शेयर कर लिखा कि इन मेजर ने 7 भारतीय सेना के जनरलों को प्रशिक्षित किया था। उन्होंने इसी के साथ लिखा कि यह वीडियो दिखाता है कि कैसे हमारी भारतीय परंपरा हमारी सेना में भी देखी जा सकती है। जहां बड़ों का आदर किया जाता है। उन्होंने कहा कि मेजर कैसे 100 साल के होकर भी व्हीलचेयर से उठकर जोश से सैल्यूट करते हैं, ये देखकर मेरे रोंगटे खड़े हो गए।

सेना के जवानों ने जीता दिल

वीडियो में जैसे ही मेजर स्वामी अपनी कार से उतरते हैं, उन्हें कुछ जवान संभाल लेते हैं। मेजर उम्रदराज होने के चलते चलने में दिक्कत महसूस करते हैं और उन्हें व्हीलचेयर तक बिठाने में सभी जवान जो भूमिका अदा करते हैं वो देख किसी का भी दिल खुश हो जाए। वहां मौजूद जवान उन्हें अपने घर के बड़े की तरह सम्मान देकर बड़े प्यार से व्हीलचेयर पर बिठाते हैं।

30 हजार से ज्यादा लाइक मिले

महिंद्रा के इस ट्वीट को 30 हजार से ज्यादा लाइक और हजारों रीट्वीट और कमेंट्स मिले हैं। लोग इस वीडियो पर खूब कमेंट भी कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि हम मेजर स्वामी को 100 साल की उम्र में उनके द्वारा की गई सलामी के लिए सलाम करते हैं।