छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़: युवाओं को साधने कांग्रेस-भाजपा ने बनाया सोशल मीडिया प्लान, 24 हजार बूथ में कांग्रेस के डिजिटल वॉरियर्स, 21 हजार वॉलंटियर्स तैनात करेगी भाजपा

भाजपा की क्विक रिस्पांस टीम में 50 लोग शामिल  - Dainik Bhaskar

रायपुर। मिशन 2023 को साधने के लिए भाजपा और कांग्रेस अब सोशल मीडिया में बढ़त लेने की रणनीति पर काम कर रही हैं। प्रदेश से लेकर बूथों तक सोशल मीडिया टीम तैनात करने की प्लानिंग है। भाजपा जहां 22 सौ पदाधिकारियों और 21 हजार वॉलंटियर्स की तैनाती करने जा रही है। वहीं, कांग्रेस की रणनीति चुनाव से पहले तक सभी 24 हजार बूथों में डिजिटल वॉरियर्स तैनात करने की है।

दरअसल, दोनों दलों में राज्य के 65 फीसदी युवा वोटर्स को अपने पक्ष में करने की होड़ है। भाजपा चुनाव से पहले तक मंडल से लेकर प्रदेश स्तर पर 22 सौ पदाधिकारियों की टीम तैनात करेगी। प्रदेश के सभी 90 विधानसभाओं में 21 हजार वॉलंटियर्स को भी मिशन 2023 से जोड़ेगी। पार्टी ने एक क्विक रिस्पांस टीम भी बना रखा है, जिससे विभिन्न जिलों के लगभग 50 लोग जुड़े हुए हैं। आने वाले समय में इस टीम में एक हजार लोगों की नियुक्ति की योजना है।

बता दें कि पार्टी के सोशल मीडिया विंग में 16 सौ पदाधिकारी तैनात हैं जबकि 6 हजार वॉलंटियर्स जुड़े हुए हैं। दूसरी तरफ, कांग्रेस आईटी सेल चुनाव तक 24 हजार बूथों में डिजीटल वॉरियर्स तैनात करेगी। वर्तमान में प्रदेश में 500 से अधिक पदाधिकारी (लोकसभा, विधानसभा और जिला) नियुक्त हैं। वॉर रूम को पार्टी कार्यालय से अलग किसी स्थान पर बनाया गया है, जिसमें प्रोफेशनल्स को हायर किया गया है।

हर दिन 25 से 50 पोस्ट कर रहे दल
कांग्रेस आईटी सेल सभी सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर हर दिन 50 से अधिक पोस्ट कर रही है। जबकि बीजेपी आईटी सेल सभी सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर हर दिन 20-25 पोस्ट कर रही है।

भाजपा- कांग्रेस ने गुरुवार को किए 69 पोस्ट
भाजपा और कांग्रेस आईटी सेल ने गुरुवार को दोनों दलों ने कुल मिलाकर 69 पोस्ट किए हैं। इसमें कांग्रेस ने 36 और भाजपा ने 33 पोस्ट किए हैं। कांग्रेस ने फेसबुक और ट्विटर पर 18-18 जबकि भाजपा ने फेसबुक पर 19 और ट्विटर पर 14 पोस्ट किए हैं।

चुनाव में इन पर रहेगा फोकस

कांग्रेस

  • राज्य सरकार की योजनाओं का फोटो- वीडियो पोस्ट करेंगे
  • कला संस्कृति, तीज त्योहार व कांग्रेस सरकार के कामकाज से संबंधित पोस्ट।
  • भाजपा सरकार द्वारा इनकी उपेक्षा से संबंधित पोस्ट।
  • केंद्र सरकार की विफलताओं से संबंधित पोस्ट।
  • राज्य में बीजेपी के 15 साल के भ्रष्टाचार और कमियों पर पोस्ट।

भाजपा

  • राज्य सरकार की विफलताओं से संबंधित पोस्ट।
  • अपराध, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों को आंकड़ों के साथ उठाएगी।
  • भाजपा के पिछले 15 साल के कामकाज से संबंधित पोस्ट।
  • केंद्र की योजनाओं से लोगों को मिल रहे लाभ से संबंधित पोस्ट।
  • केंद्र की योजनाओं को लागू करने में राज्य सरकार की नाकामियों के पोस्ट।

एक्टिव अकाउंट्स- कांग्रेस के 50, भाजपा के 250
कांग्रेस का दावा है कि प्रदेश से लेकर जिले और ब्लाक स्तर पर 50 अकाउंट्स एक्टिव हैं। आने वाले समय में इनकी संख्या 200 से अधिक करने का लक्ष्य है। दूसरी तरफ, भाजपा का दावा है कि प्रदेश से लेकर जिले स्तर पर मोर्चा- प्रकोष्ठों को मिलाकर कुल 250 अकाउंट्स एक्टिव हैं। इसमें अकेले भाजयुमो के सौ अकाउंट्स हैं। आने वाले समय में इनकी संख्या 550 तक पहुंचाने का लक्ष्य है।