छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : SBI कैशियर का शव आंध्र प्रदेश में मिला, कोंटा से 10 किमी दूर बरामद, मछुआरों से मिली जानकारी, शबरी नदी में 52 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

कोंटा, सुकमा I सुकमा जिले के कोंटा में शबरी नदी में नहाने के दौरान बह गए SBI में कैशियर रहे तिरुपति राव का शव दो दिन के बाद बुधवार को बरामद कर लिया गया। करीब 52 घंटों से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा था। आज कोंटा से 10 किलोमीटर दूर आंध्रप्रदेश के चिंतुरु के पास मछुआरों ने शव को देख पुलिस को जानकारी दी।

इसके बाद रेस्क्यू टीम ने बैंक कैशियर के शव को नदी से निकाला। तिरुपति राव कोंटा के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में कैशियर थे। वे 21 नवंबर यानी कार्तिक मास के आखिरी सोमवार को शबरी नदी में नहाने गए थे। उन्हें नदी की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाया था और वे उसमें डूबने लगे। दूर खड़े दो युवकों ने इस घटना को देख अन्य लोगों को इसकी सूचना दी थी। स्थानीय लोगों ने नदी में नाव के सहारे कैशियर को ढूंढने की कोशिश की थी, लेकिन वे नहीं मिल पाए थे। इसके बाद तुरंत पुलिस-प्रशासन को खबर दी गई थी।

पुलिस-प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, जो पिछले 52 घंटों से चल रहा था। रेस्क्यू ऑपरेशन में SDRF और NDRF की टीम को भी लगाया गया था। आंध्र प्रदेश से भी गोताखोरों की टीम को बुलाकर सर्चिंग कराई जा रही थी, लेकिन सफलता नहीं मिल पा रही थी। शव बहकर चिंतुरु पुलिया के पार चला गया था, लेकिन आंध्र प्रदेश के मछुआरों के जानकारी देने पर रेस्क्यू टीम को शव के दूर निकल जाने का पता चला। फिलहाल शव को निकाल लिया गया है और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

3 महीने पहले ही हुई थी शादी

एसबीआई में पोस्टेड तिरुपति राव आंधप्रदेश के विजयनगरम जिले के बोब्बिली गांव के रहने वाले थे। कोंटा में उनकी पोस्टिंग को लगभग 6 वर्ष हो गए थे। इस साल अगस्त महीने में ही उनका विवाह हुआ था। स्थानीय लोगों ने बताया कि तिरुपति भले ही असिस्टेंट मैनेजर स्तर के अधिकारी थे, पर उनका व्यवहार हर व्यक्ति से सरल और मिलनसार था। खासतौर पर अंदरूनी क्षेत्रों से आने वाले ग्रामीणों के साथ भी उनका व्यवहार बेहद मिलनसार और सहज था। यही वजह है कि उन्हें ढूंढने में बड़ी संख्या में स्थानीय युवा भी जुटे हुए थे।

तिरुपति राव के पिता सूर्यनारायण राव एक किसान हैं। तिरुपति राव उनके इकलौते बेटे थे। बता दें कि शबरी नदी में डूबकर हर साल किसी न किसी की मौत हो जाती है। दरअसल बाहर के राज्यों से आए लोगों को नदी की गहराई का अंदाजा नहीं होता, ऐसे में उनके साथ हादसा हो जाता है। प्रशासन ने भी यहां चेतावनी का कोई बोर्ड नहीं लगाकर रखा है।