Home » छत्तीसगढ़ » रायपुर: 10-11 सितंबर को श्री रानी सती मंदिर राजा तालाब में 50वाँ भव्य भादो अमावस्या मेला- उत्सव का आयोजन; बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना

रायपुर: 10-11 सितंबर को श्री रानी सती मंदिर राजा तालाब में 50वाँ भव्य भादो अमावस्या मेला- उत्सव का आयोजन; बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना

रायपुर।  राजा तालाब स्थित श्री रानी सती मंदिर में 10 एवं 11 सितंबर 2026 को 50वाँ भादों अमावस्या मेला श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ भव्य रूप से मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर में दो दिनों तक विभिन्न धार्मिक एवं भक्तिमय कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

मंदिर समिति के अध्यक्ष श्री किशोर डोलिया ने बताया कि 50वें भादों अमावस्या मेले को विशेष एवं यादगार बनाने के लिए इस वर्ष मंदिर की सजावट को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है। कोलकाता से आए 21 अनुभवी सजावट कलाकारों द्वारा मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया जा रहा है।

सजावट में लगभग 51,000 रुद्राक्ष के दानों, कच्चे धागे की रंग-बिरंगी मौली, लगभग 81,000 सुनहरे (गोल्डन) एवं रजत (सिल्वर) रंग की मौली से निर्मित छोटे-बड़े गिलास एवं कटोरी की आकृतियों तथा लाल, पीले, नीले एवं सफेद रंग के छोटे-बड़े स्टोन का आकर्षक संयोजन किया जा रहा है। इन सजावटी कलाकृतियों को लाल एक्रेलिक शीट, रेशमी गोटे तथा कोलकाता के कुम्हारटोली की प्रसिद्ध चलचित्र कला से सुसज्जित किया जा रहा है। वहीं दादी जी के मंडप को दक्षिण भारत की प्रसिद्ध मंदिर स्थापत्य कला की शैली में विशेष रूप प्रदान किया जा रहा है।

मंदिर परिसर स्थित विभिन्न देवालयों में भी विशेष श्रृंगार एवं सजावट की जा रही है।

भगवान शिव के मंडप को ताजे फूलों एवं हरी पत्तियों से सजाया जा रहा है। साथ ही थर्माकोल शीट से भगवान शिव की मनमोहक आकृति का विशेष स्वरूप तैयार किया गया है।

हनुमान जी के मंडप को रेशमी गोटों एवं ताजे पुष्पों से अलंकृत किया जा रहा है। वहीं दादी माँ के पावन त्रिशूल का भव्य श्रृंगार भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का विशेष केंद्र रहेगा।

इस वर्ष भादों अमावस्या मेले के प्रथम दिवस 10 सितंबर को दादी जी को अर्पित की जाने वाली 51 सवामणि विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। सवामणि में बूंदी, चिड़वा का विश्वप्रसिद्ध पेड़ा, ताजे मौसमी फल एवं विभिन्न प्रकार के मेवों सहित अनेक प्रसाद सामग्री शामिल रहेगी।

भक्तों द्वारा श्रद्धापूर्वक अर्पित की जाने वाली सवामणी की संपूर्ण व्यवस्था मंदिर समिति द्वारा पूर्ण समर्पण एवं श्रद्धाभाव से अपनी देखरेख में करवाई जाती है तथा विधि-विधानपूर्वक श्री रानी सती दादी जी को अर्पित की जाती है एवं पूजा के बाद श्रद्धालुओं में सवामणी प्रसाद का वितरण किया जाता है।

कार्यक्रम विवरण

10 सितंबर 2026 (गुरुवार)

प्रातः 11:00 बजे – पंचामृत स्नान एवं ध्यान

संध्या 7:00 बजे – दादी जी के श्रृंगार दर्शन

रात्रि 8:30 बजे – ज्योति पूजन

रात्रि 9:00 बजे – भजन संध्या एवं रात्रि जागरण

भजन संध्या में कोलकाता के अतिथि भजन गायक कलाकार – अभिषेक गर्ग एवं नामिश राजगढ़िया तथा अयोध्या के पप्पू सांवरिया एवं स्मृति कक्कड़ द्वारा दादी जी के सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।

रात्रि 1:00 बजे – छप्पन भोग प्रसाद वितरण

इसके पश्चात पुनः भजन उत्सव प्रभाती आरती प्रातः 4:00 बजे तक किया जाएगा।

11 सितंबर 2026 (शुक्रवार)

प्रातः 7:00 बजे – जात-धोक पूजन

अपराह्न 2:00 बजे से – मंगल पाठ

संध्या 5:00 बजे से – भजन संध्या एवं भादों अमावस्या मेला

भजन संध्या में कोलकाता के सुप्रसिद्ध भजन गायक श्री पंकज शर्मा जोशी सहित अन्य भजन कलाकार दादी जी के चरणों में भक्ति गीतों की प्रस्तुति देंगे।

रात्रि 9:30 बजे – छप्पन भोग प्रसाद वितरण एवं महाआरती

भजन संध्या इस दो दिवसीय आयोजन का विशेष आकर्षण रहेगी। कोलकाता एवं अयोध्या से पधारने वाले सुप्रसिद्ध भजन गायक एवं गायिकाओं द्वारा प्रस्तुत दादी जी के सुमधुर भजनों से मंदिर परिसर भक्तिरस में सराबोर रहेगा। श्रद्धालु दादी जी के भजनों में भाव-विभोर होकर भक्ति एवं आस्था के रंग में रंगेंगे।

मंदिर समिति के प्रचार-प्रसार प्रभारी श्री कैलाश अग्रवाल ने बताया कि 50वें भादों अमावस्या मेले को लेकर मंदिर समिति द्वारा व्यापक तैयारियाँ की जा रही हैं। हजारों श्रद्धालुओं के आगमन को ध्यान में रखते हुए दर्शन, पूजा-अर्चना, प्रसाद वितरण, पेयजल, सुरक्षा, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने समस्त श्रद्धालु भक्तों एवं नगरवासियों से आग्रह किया कि वे अपने परिवार सहित इस पावन अवसर पर श्री रानी सती दादी जी के दरबार में उपस्थित होकर दादी जी के दर्शन करें, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक आयोजनों में सहभागी बनें तथा दादी जी का आशीर्वाद प्राप्त करें।

 

Facebook
X
WhatsApp
Telegram