Home » कोरबा » कोरबा: शराब के नशे में तलवार लेकर युवक का हंगामा, लोगों को दी जान से मारने की धमकी, गिरफ्तार

कोरबा: शराब के नशे में तलवार लेकर युवक का हंगामा, लोगों को दी जान से मारने की धमकी, गिरफ्तार

कोरबा। कोरबा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पुराना काशी नगर में शराब के नशे में एक युवक ने तलवार लेकर जमकर हंगामा किया। युवक सड़क पर तलवार लहराते हुए लोगों को गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दे रहा था। इससे मोहल्ले में डर का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस से भी युवक उलझ गया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

काशी नगर निवासी 25 वर्षीय लोकेश चंद्रा शराब के नशे में घर से बड़ी तलवार लेकर बाहर आया था। वह सड़क पर तलवार लहराते हुए आने-जाने वाले लोगों को गाली दे रहा था और मारने की धमकी दे रहा था। डर के कारण कई लोग अपने घरों में छिप गए। कुछ लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी।

पुलिस को देखकर भागने की कोशिश

सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उस समय युवक तलवार लहराते हुए हंगामा कर रहा था। पुलिस को देखकर उसने भागने की कोशिश की और जवानों से भी उलझ गया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया और थाने ले आई। मौके से बड़ी धारदार तलवार भी बरामद की गई।

आर्म्स एक्ट में केस दर्ज

पुलिस ने आरोपी की पहचान लोकेश चंद्रा के रूप में की है। वह ओल्ड काशी नगर का रहने वाला है। उसके पिता का नाम स्व. रामलाल चंद्रा है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस की कार्रवाई से इलाके में शांति

पुलिस की तुरंत कार्रवाई के बाद इलाके में स्थिति सामान्य है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह की घटना होने पर तुरंत सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram