सक्ती। जिले में तेज रफ्तार यात्री बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों एक ही गांव के रहने वाले थे और सपोस में आयोजित रामनाम सप्ताह में भजन गाने जा रहे थे। हादसा डभरा-चंद्रपुर मार्ग पर रविवार को हुआ।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। यात्री बस रायपुर से डभरा की ओर जा रही थी। बाइक सवार सक्ती से चंद्रपुर की ओर जा रहे थे, तभी आमने-सामने दोनों गाड़ियों की टक्कर हुई। टक्कर लगते ही तीनों उछलकर गिर पड़े।
हादसे से जुड़ी तस्वीरें देखिए…
मृतकों में ये शामिल
- हरिशंकर चौहान (40)
- मोहरदास बैरागी (55)
- शेतकुमार पटेल (62)
रामनाम सप्ताह में भजन गाने जा रहे थे
जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह ग्राम दर्री के हरिशंकर चौहान (40), मोहरदास बैरागी (55) और शेतकुमार पटेल (62) एक ही बाइक पर सवार होकर सपोस में आयोजित रामनाम सप्ताह कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। वे वहां गायन प्रस्तुति देने वाले थे।
बस ने बाइक को मारी टक्कर
इसी दौरान छवारिपाली पेट्रोल पंप के पास रायपुर से डभरा की ओर जा रही मुस्कान यात्री बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों बाइक से उछलकर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही डभरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस बस ड्राइवर की भूमिका और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
एक साथ तीन मौतों से गांव में शोक
एक ही गांव के तीन लोगों की मौत से दर्री और आसपास के गांवों में शोक का माहौल है। तीनों धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने उनके परिवारों की खुशियां छीन लीं।
डभरा थाना प्रभारी राजेश पटेल ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। तीनों मृतकों के शव का पंचनामा कर पीएम के लिए भेजा गया था। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। ड्राइवर घटनास्थल से फरार हो गया है। मामले की जांच की जा रही है।




