कोरबा। कोरबा शहर में बाइक चोरी के मामले में कोतवाली पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो चोरी की बाइक बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने शौक और अय्याशी के लिए बाइक चोरी करते थे और चोरी की बाइक बेचकर मिलने वाले पैसों से पार्टी करने की तैयारी में थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल कुटीले (25), निवासी चिमनीभट्ठा, चौकी मानिकपुर और राहुल यादव (20), निवासी डोढकुलगंज नोनबिर्रा, थाना कोतवाली के रूप में हुई है।
20 मई को चोरी हुई थी बाइक
कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि शांतिनगर निवासी राहुल प्रजापति (25) ने 20 मई 2026 को बाइक चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, रात करीब 9 से 10 बजे के बीच उसकी बाइक चोरी हुई थी।
मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 454/26, धारा 303(2) BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
चोरी की बाइक बेचने ग्राहक तलाश रहे थे
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक चोरी की बाइक बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में दोनों ने बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दो बाइक बरामद कीं।
पुलिस के मुताबिक, शौक के लिए करते थे चोरी
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी फिलहाल कोई काम नहीं करते थे। पूछताछ में सामने आया कि वे अपने शौक और अय्याशी के लिए बाइक चोरी करते थे। चोरी की बाइक को बेचकर मिलने वाली रकम से पार्टी करने की तैयारी में थे।
और कितनी बाइक चुराईं, इसकी जांच
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के मुताबिक, आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने इसके अलावा और कितनी बाइक चोरी की हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।




