कोरबा। लेमरू थाना क्षेत्र के ग्राम अरेतरा में 18 सितंबर की रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ एक युवक और युवती के शव पेड़ पर फांसी के फंदे से लटके मिले। एक ही जगह दो शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही लेमरू पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीक निरीक्षण करने के बाद दोनों शवों को फंदे से नीचे उतरवाया और पंचनामा कार्रवाई पूरी की। मृतकों की पहचान ग्राम अरेतरा के ही निवासी मुकेश यादव और पुनीता मझवार के रूप में हुई है।
प्रेम संबंध की चर्चा, पुलिस हर पहलू की कर रही जांच
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था और वे एक-दूसरे को पसंद करते थे। हालांकि, उन्होंने किन परिस्थितियों और दबाव में आकर यह खौफनाक कदम उठाया, इसका स्पष्ट खुलासा अभी नहीं हो सका है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। इस दुखद घटना के बाद से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।




