नई दिल्ली। 28 से 30 सितंबर तक बुलाए गए देशव्यापी बैंक हड़ताल को ध्यान में रखते हुए वित्त मंत्रालय ने आम लोगों की सुविधा के लिए एक बड़ा फैसला किया है। वित्त मंत्रालय ने बुधवार को जारी किए गए एक प्रेस रिलीज में बताया कि रविवार, 27 सितंबर को सभी सरकारी बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक खुले रहेंगे। वित्त मंत्रालय के मुताबिक, इस रविवार को सभी सरकारी बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों में आम दिनों की तरह ही कामकाज जारी रहेगा।
लगातार 5 दिनों तक प्रभावित रहने वाला था बैंकों का कामकाज
बैंक कर्मचारियों के यूनियन UFBU ने 28 से 30 सितंबर, 2026 तक 3 दिनों दिन की देशव्यापी बैंक हड़ताल बुलाई है। ये हड़ताल 26 और 27 सितंबर को शनिवार और रविवार की की छुट्टियों के ठीक बाद हो रही है। यानी, बैंकों का कामकाज लगातार 5 दिनों तक प्रभावित रहने वाला था, जिसका सीधा और बुरा असर आम ग्राहकों पर पड़ना तय था। ऐसे में, सरकार ने आम ग्राहकों की बैंकिंग जरूरतों को पूरा करने के लिए पहले से ही जरूरी कदम उठाए हैं।
भारतीय रिजर्व बैंक ने सभी बैंक ब्रांच, ऑफिस, ATM-लिंक्ड ब्रांच और करेंसी चेस्ट को पूरी तरह से चालू रखने की दी मंजूरी
ये सुनिश्चित करने के लिए कि आम लोगों की बैंकिंग जरूरतें लंबे समय तक प्रभावित न हों, सभी सरकारी बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक रविवार, 27 सितंबर को सामान्य रूप से काम करेंगे। भारतीय रिजर्व बैंक ने भी 27 सितंबर को सभी बैंक ब्रांच, ऑफिस, ATM-लिंक्ड ब्रांच और करेंसी चेस्ट को पूरी तरह से चालू रखने की मंजूरी दे दी है।
ग्राहकों की भलाई और सुविधा सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता
वित्त मंत्रालय ने अपनी प्रेस रिलीज में कहा, ”विभाग फिर से कहता है कि बैंक ग्राहकों की भलाई और सुविधा सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। सरकार और बैंक मैनेजमेंट ने यूनियनों से प्रस्तावित हड़ताल को टालने की अपील की है और ये सुनिश्चित करने के लिए भी कदम उठाए हैं कि जरूरी बैंकिंग सेवाएं बिना किसी रुकावट के जारी रहें।”
एसबीआई, पीएनबी ने ग्राहकों के लिए जारी की थी सूचना
बैंक यूनियन द्वारा 3 दिनों के लिए बुलाई गई हड़ताल को देखते हुए भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक समेत कई प्रमुख बैंकों ने अपने ग्राहकों के लिए सूचना जारी की थी। भारतीय स्टेट बैंक ने अपने ग्राहकों को सलाह दी थी कि वे हड़ताल की तारीखों को ध्यान में रखते हुए पहले ही बैंक से जुड़े जरूरी काम पूरा कर लें।




