कोरबा। कोरबा जिले में स्थित एसईसीएल (SECL) की गेवरा कोयला खदान में सोमवार को हुई तेज बारिश के कारण माइनिंग स्टाफ का रेस्ट शेल्टर बहकर खदान की गहरी खाई में जा गिरा। राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त शेल्टर के अंदर कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
यह घटना गेवरा खदान के गणेश सर्कल के पास हुई। सोमवार दोपहर करीब एक घंटे तक तेज बारिश हुई। बारिश के कारण खदान में ऊपर से नीचे की ओर पानी का तेज बहाव शुरू हो गया। इसी बहाव की चपेट में आकर कर्मचारियों का टिन शेड वाला रेस्ट सेल्टर अपनी जगह से उखड़ गया और खदान की गहराई में जा गिरा।
पानी के साथ पूरा स्ट्रक्चर बह गया
इस रेस्ट सेल्टर का उपयोग खदान में काम करने वाले शिफ्टिंग इंचार्ज, माइनिंग सरदार और ओवरमैन धूप और बारिश से बचने के लिए करते थे। खदान के अंदर काम के दौरान यह उनके आराम करने की जगह होती थी। जिस जगह पर यह सेल्टर बना था, वहां पानी निकासी की कोई पुख्ता व्यवस्था नहीं थी। इसी वजह से पानी के साथ पूरा स्ट्रक्चर बह गया।
इस पूरे हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे तेज पानी के बहाव में पूरा सेल्टर बहता हुआ खाई में गिर रहा है।
खदान जैसी जगह पर अस्थायी और कमजोर स्ट्रक्चर बनाकर कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। अगर हादसे के वक्त अंदर कोई कर्मचारी होता, तो बड़ा नुकसान हो सकता था।




