Home » क्रिकेट » भारत ने वेस्टइंडीज को आठ विकेट से हराया, कोहली-गिल के शतक से सीरीज में बनाई बढ़त

भारत ने वेस्टइंडीज को आठ विकेट से हराया, कोहली-गिल के शतक से सीरीज में बनाई बढ़त

तिरुवनंतपुरम। भारत ने वेस्टइंडीज को पहले वनडे में 8 विकेट से हरा दिया है. तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में वेस्टइंडीज ने भारत के सामने 296 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसका पीछा करते हुए विराट कोहली ने नाबाद 139 रन बनाए. इस पारी में कोहली ने कई रिकॉर्ड बनाए. कप्तान शुभमन गिल ने भी शतक जड़ा. 3 मैचों की सीरीज में भारत ने 1-0 की बढ़त बना ली है.

लक्ष्य का पीछा करते हुए शुभमन गिल और रोहित शर्मा ने सधी हुई शुरुआत की, हालांकि रोहित सेट होने के बाद आउट हो गए. उन्होंने 35 गेंदों में 32 रन बनाए, इस पारी में उन्होंने 3 छक्के और 2 चौके जड़े. उनके आउट होने के बाद आए विराट कोहली ने शुभमन गिल के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 151 रनों की साझेदारी की. रॉस्टन चेस ने शुभमन गिल को आउट किया, इससे पहले गिल ने अपना शतक पूरा किया. उन्होंने 108 गेंदों में 13 चौके और 1 छक्के की मदद से 110 रन बनाए.

139 रन की पारी में कोहली ने बनाए ये रिकार्ड्स

चेज मास्टर विराट  कोहली अलग ही अंदाज में खेल रहे थे. उन्होंने अपना अर्धशतक और शतक छक्का लगाकर पूरा किया, टीम को लक्ष्य तक भी उन्होंने छक्का लगाकर ही पहुंचाया. कोहली ने 88 गेंदों में 139 रन बनाए, जिसमें 9 छक्के और 10 चौके जड़े.

कोहली ने इस पारी के दौरान अपने 15,000 वनडे रन पूरे किए, वह ऐसा करने वाले सचिन के बाद दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं. वह वेस्टइंडीज के खिलाफ 10 वनडे शतक जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं. वह एक देश में सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने वाले भी बल्लेबाज बन गए हैं, इस मामले में उन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा.

जस्टिन ग्रीव्स का पहला वनडे शतक

पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज के ओपनर्स ने अच्छी शुरुआत की थी. जॉन कैंपबेल और जस्टिन ग्रीव्स ने पहले विकेट के लिए 135 रनों की साझेदारी की थी. कैंपबेल ने 3 छक्के और 6 चौकों की मदद से 60 गेंदों में 62 रन बनाए. ग्रीव्स ने 108 गेंदों में 101 रन बनाए, ये उनका पहला वनडे शतक है. इस पारी में उन्होंने 12 चौके लगाए. दोनों सलामी बल्लेबाजों को कुलदीप यादव ने आउट किया.

कीसी कार्टी (13) और कप्तान शाइ होप (12) अच्छी शुरुआत के बाद पारी को संभाल नहीं पाए और जल्दी आउट हो गए. अंत में अमीर जांगू ने महत्वपूर्ण अर्धशतक जड़कर टीम के स्कोर को 300 के करीब तक पहुंचाया. उन्होंने 43 गेंदों में 1 चक्का और 7 चौकों की मदद से नाबाद 58 रन बनाए.

भारत के लिए कुलदीप यादव ने सर्वाधिक 4 विकेट लिए, उन्होंने 10 ओवरों में 40 रन दिए. प्रसिद्ध कृष्णा ने 10 ओवरों में 62 रन देकर 2 विकेट चटकाए. गुरनूर बरार और रवींद्र जडेजा ने अपने 10-10 ओवरों में क्रमश 60 और 54 रन खर्चे, लेकिन दोनों विकेट नहीं ले पाए. नितीश कुमार रेड्डी ने 5 ओवरों में 45 रन देकर 1 विकेट लिया. नमन धीर ने 5 ओवरों में 33 रन दिए, उन्हें कोई विकेट नहीं मिला.

Facebook
X
WhatsApp
Telegram