उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में स्थित शाही मस्जिद पर बुलडोजर एक्शन से पहले बवाल हो गया है। मस्जिद के पास भारी भीड़ इकट्ठी हो गई और पुलिस के साथ झड़प की। इस दौरान पुलिस पर पथराव भी हुआ। स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े।
दरअसल, उज्जैन में सड़क चौड़ी करने का काम चल रहा है। ऐसे में प्रोजेक्ट के लिए शाही मस्जिद का एक हिस्सा गिराए जाने की योजना है। इसी हिस्से को गिराने के लिए पहुंची टीम पर उपद्रवियों ने हमला कर दिया।

क्राइम ब्रांच की महिला टीआई को लगी चोट
शाही मस्जिद के पास बैरिकेडिंग की गई थी, जिसे भीड़ ने हटाने की कोशिश की। उपद्रवियों की ओर से किए गए पथराव में क्राइम ब्रांच की महिला टीआई पुष्पा पांचाल को चोट लगी है।
क्या है मामला?
कंठाल चौराहा से गोपाल मंदिर तक मार्ग चौड़ीकरण के लिए शाही मस्जिद का करीब 10 फीट बाधक हिस्सा हटाया जाना है। सोमवार सुबह प्रशासन और मुस्लिम समाज के बीच बातचीत के बाद समाजजन खुद बाधक हिस्सा हटाने पहुंचे। हालांकि इस दौरान नारेबाजी हुई और कुछ समाजजन ने कार्रवाई का विरोध भी किया।
उल्लेखनीय है कि उज्जैन मास्टर प्लान 2035 के तहत कंठाल चौराहा से गोपाल मंदिर तक 15 मीटर चौड़ा मार्ग प्रस्तावित है। शाही मस्जिद का कुछ हिस्सा इस सड़क की निर्धारित सीमा में बाधक बन रहा था। इसी हिस्से को हटाने के लिए कार्रवाई की जा रही है।
यह मार्ग महाकालेश्वर मंदिर, गोपाल मंदिर और शिप्रा तट को जोड़ता है। सिंहस्थ 2028 और धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाने के लिए मार्ग चौड़ीकरण किया जा रहा है।




