कोरबा। जिले के दीपका थाना क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर दिनदहाड़े हुई मारपीट और चाकूबाजी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। 2 अक्टूबर को हुई घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पी. चंटी बाबू और शुभम यादव के रूप में हुई है।
आशीर्वाद देने के दौरान हुआ विवाद
दीपका बाजार के मुख्य मार्ग पर 2 अक्टूबर को किन्नर समुदाय के सदस्य इलाके में घूम-घूमकर आशीर्वाद दे रहे थे। इसी दौरान थर्ड जेंडर किन्नर और दीपका निवासी एक पिता-पुत्र के बीच विवाद हो गया। कुछ ही देर में विवाद मारपीट में बदल गया।
आरोप है कि सड़क पर सरेआम मारपीट और चाकूबाजी हुई, जिसमें पिता-पुत्र दोनों घायल हो गए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।
दोनों पक्षों ने थाने में की शिकायत
घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से दीपका थाना पुलिस को शिकायत दी गई। किन्नर समुदाय के एक सदस्य ने पिता-पुत्र पर अपशब्द कहने और टच करने का आरोप लगाया था। वहीं पिता-पुत्र का कहना था कि उन पर बेवजह मारपीट का आरोप लगाकर उनके साथ मारपीट की गई।
पंकज सिंह की रिपोर्ट पर दर्ज हुआ अपराध
दीपका थाना में पदस्थ एएसआई किशन कुमार ने बताया कि प्रार्थी पंकज सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 2 अक्टूबर 2026 को कुछ थर्ड जेंडर और दो व्यक्तियों ने उसके साथ मारपीट की।प्रार्थी की रिपोर्ट के आधार पर अपराध क्रमांक 412/2026 दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया गया।
आरोपियों के बताए स्थान से चाकू बरामद
पुलिस ने जाँच के दौरान कार्रवाई करते हुए पी. चंटी बाबू और शुभम यादव को गिरफ्तार किया। एएसआई किशन कुमार के मुताबिक, आरोपियों के बताए स्थान पर पहुंचकर घटना में प्रयुक्त चाकू जब्त किया गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।




