बंगलूरू। बंगलूरू के फ्रीडम पार्क में गुरुवार को चुनावी मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को लेकर ‘पीपुल्स ट्रिब्यूनल’ यानी जनता की अदालत लगने जा रही है। क्रॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके और यूट्यूबर ध्रुव राठी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों से एसआईआर से प्रभावित लोगों के भी यहां पहुंचने की उम्मीद है। कार्यक्रम के बाद ‘चप्पल प्रदर्शन’ भी किया जाएगा। अभिनेता और सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश राज भी इस आयोजन में हिस्सा लेंगे।
प्रकाश राज ने लोगों से की ज्यादा से ज्यादा पहुंचने की अपील
प्रकाश राज ने बुधवार को इस कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि ‘कॉकरेच जनरल पार्टी’ यानी कॉकरेच जनता पार्टी के नाम से आयोजित इस ‘पीपुल्स ट्रिब्यूनल’ में CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके, आशुतोष, सौरव के साथ कई युवा संगठन और सिविल सोसाइटी से जुड़े लोग शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि राज्यभर से SIR से प्रभावित लोग भी अपनी बात रखने के लिए पहुंचेंगे।
‘लोकतंत्र बचाने की लड़ाई’, नागरिकों से जुड़ने की अपील
प्रकाश राज ने नागरिकों से कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है और इसमें सभी नागरिकों को साथ आना चाहिए। उन्होंने लोगों से 8 अक्टूबर को बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क पहुंचकर इस मुहिम का हिस्सा बनने को कहा।
ध्रुव राठी ने भी वीडियो जारी कर दी कार्यक्रम में आने की जानकारी
प्रकाश राज ने एक वीडियो में बताया कि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ध्रुव राठी भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद ध्रुव राठी ने अपने एक्स अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट कर कार्यक्रम में अपनी मौजूदगी की पुष्टि की। उन्होंने भी कहा कि यह लड़ाई लोकतंत्र को बचाने के लिए है।
एसआईआर से मतदाता सूची से नाम हटने का आरोप
सीजेपी के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने भी 6 अक्टूबर को एक्स पर कार्यक्रम को लेकर जानकारी साझा की थी। उन्होंने बताया था कि ‘पीपुल्स ट्रिब्यूनल’ में शामिल होने के बाद वे उन कन्नड़ लोगों से बातचीत करेंगे, जिनका आरोप है कि एसआईआर के दौरान उनके नाम गलत तरीके से मतदाता सूची से हटा दिए गए थे।
महिलाओं के समर्थन में होगा ‘चप्पल प्रदर्शन’
आशुतोष रांका के मुताबिक, लोगों से बातचीत के बाद महिलाओं के साथ एकजुटता दिखाने के लिए ‘चप्पल प्रदर्शन’ किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि इस प्रदर्शन के जरिए महिलाओं के समर्थन में अपनी आवाज उठाई जाएगी।




