Home » राष्ट्रीय » मेट्रो और ट्रेन रोके जानें पर बोले दीपके: ‘क्या दिल्ली नरेंद्र मोदी या अमित शाह की पैतृक संपत्ति है?

मेट्रो और ट्रेन रोके जानें पर बोले दीपके: ‘क्या दिल्ली नरेंद्र मोदी या अमित शाह की पैतृक संपत्ति है?

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के विरोध-प्रदर्शन से एक दिन पहले, शुक्रवार को इसके संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि अगर सरकार युवाओं से डरती है, तो उसे पूरे देश को ही बंद कर देना चाहिए। यह बयान 10 अक्तूबर को राष्ट्रीय राजधानी आने-जाने वाली ट्रेनों के रद्द होने के बाद आया है। इसके साथ ही कहा कि हमारा आंदोलन होकर रहेगा।

सीजेपी ने चुनाव आयोग की ओर से मतदाता सूची के ‘स्पेशल इंटेंसिव रिविजन’ (एसआईआर) में भारी गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए, मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़े पैमाने पर प्रदर्शन करने का आह्वान किया है।

‘हमारा आंदोलन होकर रहेगा’
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा, ‘हमारा आंदोलन होकर रहेगा। जंतर-मंतर विरोध प्रदर्शन के लिए तय जगह है। अनुच्छेद 19 विरोध करने का मौलिक अधिकार देता है तो, फिर इजाजत लेने की क्या जरूरत है? क्या उन्होंने 13 करोड़ वोट हटाने से पहले इजाजत ली थी? आप चाहते हैं कि हम चुनाव में धांधली करने वालों के खिलाफ आवाज न उठाएं? ऐसा नहीं हो सकता। देश ऐसे नहीं चल सकता। देश को बचाने के लिए हम विरोध प्रदर्शन करेंगे।

रेलवे बोर्ड ने क्या फैसला लिया? 
वहीं, रेलवे बोर्ड ने शुक्रवार को 10 अक्तूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली और हजरत निज़ामुद्दीन स्टेशनों पर पहुंचने वाली कुछ मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द कर दिया। दिल्ली पुलिस ने दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) से 57 मेट्रो स्टेशन बंद करने का आग्रह किया है ताकि विरोध प्रदर्शन में शामिल होने आ सकने वाले युवाओं की आवाजाही को रोका जा सके।

इस घटनाक्रम पर पत्रकारों से बात करते हुए दीपके ने कहा कि जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने के लिए सरकार की अनुमति की कोई आवश्यकता नहीं है, क्योंकि यह प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थान है। दीपके ने कहा, ‘अगर आप युवाओं से डरते हैं तो पूरे देश को ही बंद कर दें।’ बता दें कि दिल्ली पुलिस ने सीजेपी को भी जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है।

‘क्या यह उनकी पुश्तैनी संपत्ति है?’
उन्होंने कहा, ‘क्या दिल्ली नरेंद्र मोदी या अमित शाह की संपत्ति है? क्या यह उनकी पुश्तैनी संपत्ति है? क्या यह उनकी पैतृक संपत्ति है? एक तरफ तो आप कहते हैं कि विरोध-प्रदर्शन की वजह से लोगों को परेशानी हो रही है, और दूसरी तरफ आप सारी मेट्रो और रेलवे बंद कर देते हैं, सभी सड़कें ब्लॉक कर देते हैं। तो क्या अब लोगों को परेशानी नहीं होगी?’

Facebook
X
WhatsApp
Telegram