रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा केस में ED ने दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से उसने जज और अधिकारियों को सेट करने का भरोसा देकर 15 करोड़ रुपए लिए थे।
रायपुर की स्पेशल कोर्ट में सोमवार रात ही उसे पेश किया गया। बताया जा रहा है रात में ही सुनवाई चलेगी।
जानकारी के मुताबिक, ED की पूछताछ में सौरभ चंद्राकर ने खुलासा किया है कि अपना केस रफा-दफा कराने के लिए उसने हिमांशु को 15 करोड़ रुपए दिए थे। इसी कड़ी में ED हिमांशु से पूछताछ करना चाहती है।
ED के मुताबिक हिमांशु पिछले तीन साल में कई बार दुबई गया और वहां सौरभ चंद्राकर से उसकी मुलाकात हुई थी। एजेंसी इन मुलाकातों और कथित लेन-देन की जांच करना चाहती है।
सौरभ से पूछताछ में सामने आया हिमांशु का नाम
ED ने महादेव सट्टा एप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को 13 नवंबर को कस्टोडियल रिमांड पर लेकर 19 नवंबर तक पूछताछ की इस दौरान हिमांशु शेखर का नाम सामने आया। इस दौरान सौरभ ने बताया कि उसने अपना मामला रफा-दफा कराने के लिए हिमांशु को 15 करोड़ की रकम दी थी। जांच एजेंसी को यह भी जानकारी मिली है कि हिमांशु पिछले तीन साल में कई बार दुबई गया था और वहां सौरभ चंद्राकर से उसकी मुलाकात हुई थी।
दुबई जाने से पहले मुंबई एयरपोर्ट पर पकड़ा गया
हिमांशु शेखर को 20 नवंबर को दोपहर करीब 3:03 बजे मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रोका गया था। वह दुबई जाने वाला था। ED रायपुर की ओर से उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया था। एयरपोर्ट अधिकारियों ने उसे रोकने के बाद ED रायपुर जोनल आफिस को को सूचना दी।
इसके बाद ED अधिकारियों ने जरूरी प्रक्रिया पूरी कर 21 नवंबर की रात 1:10 बजे उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया। एजेंसी उसे मुंबई की विशेष PMLA कोर्ट में लेकर पहुंची और दो दिन की ट्रांजिट रिमांड मांगी, ताकि उसे रायपुर लाकर पूछताछ की जा सके।
समय-सीमा पूरी होने के कारण नहीं मिली रिमांड
ED की ओर से विशेष लोक अभियोजक सुनील गोंसाल्विस ने दलील दी कि गिरफ्तारी का समय 20 नवंबर दोपहर 3:03 बजे से नहीं माना जाना चाहिए, क्योंकि उस समय हिमांशु किसी जांच अधिकारी की हिरासत में नहीं था।
ED के मुताबिक, उसकी हिरासत 21 नवंबर की रात 1:10 बजे से मानी जानी चाहिए। कोर्ट में दोपहर 2:45 बजे पेश किए जाने के दौरान एयरपोर्ट से ED कार्यालय और फिर कोर्ट तक पहुंचने में लगे करीब डेढ़ घंटे को भी समय-सीमा से बाहर रखने की दलील दी गई।
बचाव पक्ष ने इसका विरोध करते हुए गिरफ्तारी की प्रक्रिया में अनिवार्य कानूनी प्रावधानों का पालन नहीं करने का आरोप लगाया। विशेष अदालत ने ED की दलील खारिज कर दी। कोर्ट ने कहा कि लुक आउट सर्कुलर रायपुर ED ने जारी किया था और उसी के आधार पर हिमांशु को 20 नवंबर को दोपहर 3:03 बजे रोका गया।
इसलिए 24 घंटे की समय-सीमा इसी समय से गिनी जाएगी। अदालत ने कहा कि ED अधिकारियों को 21 नवंबर को दोपहर 2 बजे से पहले आरोपी को पेश करना चाहिए था। केवल यात्रा में लगे समय का हवाला देकर देरी को सही नहीं ठहराया जा सकता। कोर्ट ने ट्रांजिट रिमांड देने से इनकार करते हुए हिमांशु की रिहाई का आदेश दिया।
रिहाई के बाद ED ने बॉम्बे हाईकोर्ट में दी थी चुनौती
विशेष PMLA कोर्ट के आदेश के खिलाफ ED के रायपुर जोनल ऑफिस के असिस्टेंट डायरेक्टर दिब्येंदु मान ने बॉम्बे हाईकोर्ट में क्रिमिनल रिवीजन याचिका दायर की। 23 नवंबर को जस्टिस शिवकुमार डिगे की अवकाशकालीन अदालत में सुनवाई हुई।
ED की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता, एडिशनल सॉलिसिटर जनरल अनिल सिंह और अन्य वकील उपस्थित रहे। आरोपी की ओर से कोई वकील पेश नहीं हुआ, जबकि उसे ई-मेल से सुनवाई की सूचना दी गई थी।
इस दौरान ED के अधिकारी रायपुर की विशेष PMLA कोर्ट भी आवेदन लेकर पहुंचे थे। मुंबई हाईकोर्ट में सुनवाई जारी रहने के दौरान रायपुर में भी आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी चल रही थी।
बॉम्बे हाईकोर्ट से ED के पक्ष में फैसला आने के बाद अधिकारी रायपुर की कोर्ट से लौट गए। अब ED हिमांशु को गिरफ्तार कर उससे सौरभ चंद्राकर से कथित लेन-देन, दुबई में हुई मुलाकातों और केस रफा-दफा कराने के आरोपों पर पूछताछ करेगी।




