Home » राष्ट्रीय » चंडीगढ़: ज्यादा शराब पीने से हुई रायपुर के बिजनेसमैन की मौत? होटल के कमरे में युवती साथ थी, बेटी बोली- सोने की चेन और कड़ा गायब

चंडीगढ़: ज्यादा शराब पीने से हुई रायपुर के बिजनेसमैन की मौत? होटल के कमरे में युवती साथ थी, बेटी बोली- सोने की चेन और कड़ा गायब

चंडीगढ़। चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित ताज होटल में मृत मिले बिजनेसमैन दीपक मित्तल की मौत की शुरुआती वजह ज्यादा शराब पीना मानी जा रही है। बुधवार देर शाम पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हालांकि, मौत के असल कारणों की पुष्टि विसरा जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मंगलवार रात जिस युवती से पूछताछ की गई, वह दीपक मित्तल के साथ होटल के कमरे में मौजूद थी। दीपक मित्तल छत्तीसगढ़ के रायपुर में राजीव नगर के रहने वाले थे।

बिजनेसमैन की बेटी और जीजा ने आरोप लगाया कि दीपक मित्तल के गले में सोने की चेन और हाथ में सोने का कड़ा था, जो अब गायब हैं। इसके बाद पुलिस ने होटल की रिसेप्शन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की। पुलिस के अनुसार, होटल में एंट्री के समय की फुटेज में दीपक मित्तल के गले में सोने की चेन और हाथ में सोने का कड़ा नजर नहीं आया।

ताज होटल, जहां बिजनेसमैन दीपक मित्तल की लाश मिली थी। - Dainik Bhaskar
ताज होटल, जहां बिजनेसमैन दीपक मित्तल की लाश मिली थी।

अब विस्तार से पूरा मामला पढ़िए…

  • 2 दिन पहले होटल में लिया था रूमः पुलिस के मुताबिक, बिजनेसमैन दीपक मित्तल (56) ने करीब दो दिन पहले ताज होटल में कमरा लिया था। उनके साथ एक युवती भी रात में होटल में आई। पुलिस ने इस युवती से पूछताछ की।
  • वेटर कमरे में पहुंचा तो बेसुध मिले: 21 अक्टूबर को होटल का वेटर कमरे में गया तो दीपक कुमार मित्तल बेसुध मिले। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
  • मार्कफेड की मीटिंग में शामिल होने आए थे दीपक मित्तल पंजाब सरकार की राशन किट के बड़े ठेकेदार बताए जा रहे हैं। वह चंडीगढ़ में मार्कफेड की एक बड़ी मीटिंग में शामिल होने आए थे। पुलिस के मुताबिक, होटल के कमरे से शराब की बोटलें और कुछ दवाइयां मिली हैं।
  • बेटी और जीजा शव लेने के लिए पहुंचे: दीपक मित्तल संजय ग्रेन प्रोडक्टस प्राइवेट लिमिडेट कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर थे।आमासिवनी में इनकी फैक्ट्री है। बुधवार सुबह 11 बजे के करीब परिवार को मौत की सूचना मिली थी। दीपक मित्तल का शव लेने के लिए उनकी बेटी और जीजा चंडीगढ़ पहुंचे थे।
बिजनेसमैन की लाश मिलने के बाद पुलिस होटल ताज में पहुंची थी। - Dainik Bhaskar
बिजनेसमैन की लाश मिलने के बाद पुलिस होटल ताज में पहुंची थी।

पुलिस बोली- बिजनेसमैन ने ज्यादा शराब पी

पुलिस स्टेशन सेक्टर 17 के SHO सुदेश कुमार ने बताया कि दीपक को होटल में उनका ड्राइवर छोड़कर गया था। शुरुआती जांच में ज्यादा शराब पीने के कारण मौत होने की बात सामने आई है। युवती से पूछताछ कर मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram