कोरबा। कोतवाली थाना क्षेत्र के राताखार मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में युवक का एक पैर ट्रेलर के पिछले पहिये के नीचे फंस गया। बाइक भी पहिये के नीचे फंस गई। घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, युवक बाइक से राताखार मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रेलर चालक ने तेज रफ्तार में ओवरटेक करने की कोशिश की। इस दौरान ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी। युवक बाइक समेत सड़क पर गिर गया और उसका पैर ट्रेलर के पिछले पहिये के नीचे फंस गया। हादसे के बाद चालक ट्रेलर को मौके पर छोड़कर उसकी चाबी लेकर फरार हो गया।
दूसरे ट्रेलर चालक ने युवक को निकाला
हादसे के बाद युवक दर्द से चीखने लगा। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन पहिये के नीचे फंसे होने के कारण उसे निकालना मुश्किल हो रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे दूसरे ट्रेलर के चालक ने सूझबूझ दिखाई। उसने अपना वाहन आगे बढ़ाकर घायल युवक को बाहर निकालने में मदद की। काफी मशक्कत के बाद बाइक को भी पहिये के नीचे से निकाला गया।
हादसे के बाद लगा जाम
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे के कारण राताखार मार्ग के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और कुछ देर तक जाम की स्थिति बनी रही। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया।
भारी वाहनों की आवाजाही से हादसों का खतरा
स्थानीय लोगों के अनुसार, राताखार मार्ग पर दिन-रात बड़ी संख्या में ट्रेलर और ट्रक गुजरते हैं। भारी वाहनों का दबाव अधिक होने के साथ तेज रफ्तार और गलत तरीके से ओवरटेक करने के कारण हादसों का खतरा बना रहता है।




