Home » छत्तीसगढ़ » छत्तीसगढ़: आज भी कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, 50 किमी रफ्तार से हवाएं चलेंगी, कोरबा समेत कई जिलों के स्कूलों में छुट्टी

छत्तीसगढ़: आज भी कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, 50 किमी रफ्तार से हवाएं चलेंगी, कोरबा समेत कई जिलों के स्कूलों में छुट्टी

रायपुर। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर छत्तीसगढ़ में दिख रहा है। बुधवार को बस्तर संभाग से बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू हुआ, जिसका असर रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में देखने को मिला।

शाम को रायपुर में 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और तेज बारिश हुई। कई इलाकों में पेड़ गिर गए और बिजली सप्लाई ठप रही।

इस बीच मौसम विभाग ने आज सुबह बलरामपुर, जशपुर, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर और सरगुजा में मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है।

आज (सुबह 7:44 से 10:44) इन जिलों में एक-दो जगह 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना है।

बुधवार को जगदलपुर में 15.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, रायपुर में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री कम रहा।

मौसम विभाग ने आज उत्तर छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी दी है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

अगले दो दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है।

तूफान कमजोर होगा, छत्तीसगढ़ में बारिश जारी रहेगी

मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान ‘अर्नब आंध्र प्रदेश और यनम के तटों को पार कर चुका है। इसके अगले 48 घंटों में उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और धीरे-धीरे कमजोर होने की संभावना है।

अगले 6 घंटे में इसके कमजोर होकर चक्रवाती तूफान और उसके बाद अगले 6 घंटे में लो प्रेशर एरिया में बदलने का अनुमान है।

इसके असर से आज (29 अक्टूबर) उत्तर छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

अगले दो दिनों में भी कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है।

रायपुर में दिन का तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री कम

रायपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री कम, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक रहा।

शहर में शाम 5:30 बजे तक 8.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, आज (गुरुवार) रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

आसमान में बादल छाए रहने के साथ कुछ जगहों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram