रायपुर। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर छत्तीसगढ़ में आज भी जारी है। कोरबा समेत कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज भी उत्तर छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। प्रदेश के 14 जिलों के स्कूलों में आज भी छुट्टी है। बलरामपुर में बारिश से खेतों में कटाई के बाद रखी धान की फसल भीग गई है। लगातार नमी से धान के दाने काले पड़ने और फसल में फफूंद लगने का खतरा है। बारिश जारी रहने पर किसानों को नुकसान हो सकता है।
बुधवार को बस्तर संभाग से बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू हुआ, जिसका असर रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में दिखा। शाम को रायपुर में 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और तेज बारिश हुई।
कई इलाकों में पेड़ गिर गए और बिजली सप्लाई ठप रही। बुधवार को जगदलपुर में 15.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, रायपुर में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री कम रहा।
अगले दो दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है।
पहले ये तस्वीरें देखिए…
तूफान कमजोर होगा, छत्तीसगढ़ में बारिश जारी रहेगी
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान ‘अर्नब आंध्र प्रदेश और यनम के तटों को पार कर चुका है। इसके अगले 48 घंटों में उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और धीरे-धीरे कमजोर होने की संभावना है।
अगले 6 घंटे में इसके कमजोर होकर चक्रवाती तूफान और उसके बाद अगले 6 घंटे में लो प्रेशर एरिया में बदलने का अनुमान है।
इसके असर से आज (29 अक्टूबर) उत्तर छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
अगले दो दिनों में भी कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है।
कोरबा में बारिश से धान की फसल के खराब होने का डर, 43% उपज पककर तैयार
पककर तैयार धान की फसल को कटाई का इंतजार।
कोरबा में बुधवार सुबह से हो रही बारिश के कारण धान की कटाई का काम बाधित रहा। खेतों में पककर तैयार खड़ी फसल को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है।तेज बूंदों की मार से धान की बालियों से दाने झड़ने लगे हैं, वहीं खेतों में पानी भरने से फसल को नुकसान होने की आशंका है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दो से तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसे देखते हुए कृषि विभाग ने किसानों को सतर्कता बरतने और खेतों से अतिरिक्त पानी की निकासी सुनिश्चित करने की सलाह दी है।
बुधवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही। जिले में औसतन 72.21 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। जिले में करीब 90 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में धान की खेती की गई है। कृषि विभाग के अनुसार लगभग 43 प्रतिशत रकबे में फसल पककर तैयार हो चुकी है। ऐसे समय में लगातार बारिश होने से कटाई और फसल को सुरक्षित रखने की चुनौती बढ़ गई है।
खेतों में खड़ी फसल के साथ कटाई के बाद खुले में रखी उपज भी प्रभावित हो सकती है। कृषि विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि धान, दलहन और तिलहन की फसल पकने की अवस्था में है तो अगले दो से चार दिनों तक कटाई से बचें। जिन किसानों ने कटाई शुरू कर दी है, वे कटी हुई फसल को जल्द से जल्द सुरक्षित स्थान पर पहुंचाएं।




