Home » छत्तीसगढ़ » छत्तीसगढ़: अर्नब का असर हुआ कम, अब बढ़ेगा पारा; आज कुछ जिलों में बारिश के आसार

छत्तीसगढ़: अर्नब का असर हुआ कम, अब बढ़ेगा पारा; आज कुछ जिलों में बारिश के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में तूफान ‘अर्नब’ का असर कम हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों में प्रदेश का अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है। पिछले 24 घंटे में ज्यादातर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ जगहों पर भारी बारिश दर्ज की गई।

 प्रदेश में दो दिन से हो रही बारिश के कारण कटाई के लिए तैयार धान की फसल भीग गई है। कई जगहों पर खड़ी फसल गिर भी गई है।

किसानों के मुताबिक, उनकी 25 से 30% फसल खराब हो चुकी है। बारिश जारी रही तो नुकसान 50% तक पहुंच सकता है। खेतों में पानी भरने और नमी से धान के दाने काले पड़ने, सड़ने और अंकुरित होने का खतरा है। किसानों ने फसल का सर्वे कराकर मुआवजा देने की मांग की है।

दो जगहों पर बना लो प्रेशर एरिया

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी छत्तीसगढ़ और उससे लगे मध्यप्रदेश में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके कारण प्रदेश में बारिश हो रही है।

इसके अलावा दक्षिणी अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार के पास भी कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ
है।

आज बिजली गिरने की चेतावनी

मौसम विभाग ने आज (शनिवार) प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं, एक-दो जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है। अगले दो दिनों के बाद भी कुछ जगहों पर बिजली गिरने की आशंका है।

रायपुर में बादल छाए रहेंगे

रायपुर में आज (31 अक्टूबर) बादल छाए रहेंगे। एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

शुक्रवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 3.9 डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.2 डिग्री ज्यादा है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram