नई दिल्ली। SIR के खिलाफ INDIA ब्लॉक की रैली के लिए लोग दिल्ली के रामलीला मैदान में जुटने लगे हैं। रैली में 20 से ज्यादा विपक्षी पार्टियां शामिल होंगी। राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, अखिलेश यादव और ममता बनर्जी रैली को संबोधित करेंगे। कांग्रेस का दावा है कि इसमें 10 लाख लोग जुटेंगे।
विपक्ष की इस महारैली के लिए लगभग तैयारियां हो चुकी हैं और लोगों का जुटना भी शुरू हो गया है
इधर, कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने कहा है कि हम वोट चोरी के खिलाफ खड़े संगठनों का समर्थन करते हैं, लेकिन हमारा संगठन गैर राजनीतिक है और हम ऑफिशियली हम इसमें शामिल नहीं होते।
यह रैली SIR के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हो रही है। पिछले 25 दिनों में यह 7वां मौका है, जब विपक्षी दल SIR के खिलाफ एकजुट हुए हैं।
इससे पहले 6 से 13 अक्टूबर के बीच 8 दिनों में राहुल गांधी समेत INDIA ब्लॉक के नेताओं ने 6 बार प्रदर्शन किए थे।
मिंटो ब्रिज से शुरू होगा राहुल गांधी का मार्च
मिंटो ब्रिज से इंडिया ब्लॉक का मार्च शुरू होगा। यहां पुलिस और पैरा मिलिट्री फोर्स तैनात हैं। पुलिस ने इलाके में बैरीकैडिंग कर दी है।
दिल्ली के हिमाचल भवन में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ता
दिल्ली के हिमाचल भवन में कांग्रेस कार्यकर्ता जुटे हैं। वह भवन के बाहर राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगा रहे हैं।
अभिजीत दिपके बोले- वोट चोरी के खिलाफ लड़ने वालों को हमारा समर्थन
दिपके बोले- हम I.N.D.I.A. ब्लॉक के विरोध प्रदर्शन का समर्थन करते हैं। हम एकजुटता के साथ इसका समर्थन करते हैं। हालांकि, हमारा संगठन एक स्वतंत्र और निष्पक्ष मंच है, और हम इसे इसी रूप में बनाए रखना चाहते हैं। जाहिर है, यह मुद्दा बहुत बड़ा है और सभी को प्रभावित करता है। इसलिए, हम उन सभी संगठनों का समर्थन करेंगे जो इस वोट चोरी के खिलाफ लड़ रहे हैं।
पुलिस बोली- कार्यक्रम की सिर्फ 7 घंटे परमीशन
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, रैली के लिए सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक की अनुमति दी गई है। इसके बाद सभी को रामलीला मैदान खाली करना होगा। वहां रातभर रुकने की इजाजत नहीं है।

मार्च और रैली के दौरान 4,000 से अधिक पुलिसकर्मियों के साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की कंपनियां तैनात की गई हैं
व्यापारियों को 10 हजार करोड़ रुपए के नुकसान का अनुमान
चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के अध्यक्ष बृजेश गोयल ने इस मुद्दे पर INDIA गठबंधन के सभी दलों को पत्र लिखा था। संगठन ने दिवाली फेस्टिवल सीजन में 10 हजार करोड़ रुपए के व्यापारिक नुकसान का अनुमान जताया है।
व्यापारी संगठन CAIT के मुताबिक, 2025 में इन बाजारों में दिवाली पर त्योहारी बिक्री 75,000 करोड़ रुपए तक पहुंच गई थी।




